पासपोर्ट चोरी होने के बाद ईंट भठ्ठे पर काम करता ऑस्ट्रेलियाई टूरिस्ट? नहीं, ये दावा गलत है
- प्रकाशित 13 जुलाई 2026, 09h03
- 3 मिनट
- द्वारा Devesh MISHRA, AFP भारत
भारत में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर समय-समय पर चिंताएं जताई जाती रही हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस गलत दावे से शेयर किया जा रहा है कि इसमें एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को उसका पासपोर्ट चोरी होने के बाद आगरा के पास एक ईंट-भट्ठे में मजबूरीवश मज़दूरी करते दिखाया गया है. हालांकि यह दावा भ्रामक है. एएफ़पी ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का पता लगाया, जिसने पुष्टि की कि वह भारतीय नागरिक है और एक आनुवंशिक बीमारी से पीड़ित है.
जून 23 , 2026 को इंस्टाग्राम पर शेयर किये गए वीडियो का कैप्शन है, "यह ऑस्ट्रेलिया का व्यक्ति भारत घूमने आया था, लेकिन आगरा में चोरों ने इसका पासपोर्ट, पैसे और सारा सामान चुरा लिया. अब पेट भरने और घर वापस जाने के पैसे जुटाने के लिए इस विदेशी बाबू को ईंट के भट्टे पर दिहाड़ी मजदूरी करनी पड़ रही है."
वीडियो में असामन्य रूप से गोरा दिख रहा एक व्यक्ति अन्य मज़दूरों के साथ ईंट भठ्ठे पर एक ट्रैक्टर में ईंट रखते दिख रहा है.
भारत में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर विदेशी सरकारें भी समय-समय पर सलाह जारी करती रही हैं. जून 2026 में कनाडा ने अपने नागरिकों को भारत यात्रा के दौरान आतंकवादी हमलों के खतरे को देखते हुए "उच्च स्तर की सतर्कता बरतने" की सलाह दी थी (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).
वहीं, पिछले वर्ष अमेरिकी विदेश विभाग ने अपराध और आतंकवाद के जोखिम का हवाला देते हुए यात्रियों को "अधिक सतर्कता" बरतने की सलाह दी थी. विभाग ने महिलाओं को अकेले यात्रा न करने की चेतावनी भी दी थी, क्योंकि पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर यौन हमलों की घटनाओं की रिपोर्ट सामने आई थीं (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).
भ्रामक पोस्ट पर आए कमेंट्स से मालूम होता है कि कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस दावे को सच मान लिया है.
एक ने लिखा, "यह भारत के लिए शर्म की बात है, सरकार के प्रतिनिधियों को आगे आकर उसकी मदद करनी चाहिए."
एक अन्य ने टिप्पणी की, "इसी वजह से भारत में विदेशी मेहमान कम आ रहे हैं. यह बिल्कुल सुरक्षित जगह नहीं है."
यह वीडियो फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर किया गया. ज्ञात हो कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस ने एक फ़ैक्ट्री से 12 लोगों को कथित बंधुआ मज़दूरी से मुक्त कराया था, जिसके बाद से ही इस वीडियो को शेयर किया गया.
इन मज़दूरों में नाबालिग भी शामिल थे जिनका आरोप था कि उन्हें बंद करके रखा गया, शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और महीनों तक अमानवीय परिस्थितियों में काम करवाया गया (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति ना कोई ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक है और न ही उससे किसी ईंट भट्ठे पर जबरन मज़दूरी करवाई गयी है.
वीडियो के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही व्यक्ति 25 जून, 2026 को इंस्टाग्राम पर "इंडियन एंडरसन" नाम से शेयर किए गए एक वीडियो में दिखा (आर्काइव्ड लिंक).
इंस्टाग्राम पर शेयर किये गए वीडियो में व्यक्ति ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी साहिल देशवाल के रूप में बताई. देशवाल ने इस दावे को गलत बताया और लोगों से इसे शेयर न करने की अपील की.
देशवाल ने 2 जुलाई को AFP से कहा कि वह एक ऐसी मेडिकल कंडीशन से पीड़ित हैं, जिसके कारण उनका रंग असामान्य रूप से गोरा है. उन्होंने बताया कि वह स्थानीय ईंट भट्ठे पर मज़दूरी करते हैं, जहां किसी ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे बाद में ऑनलाइन शेयर कर दिया गया.
उन्होंने कहा, "मेरा वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है. बचपन से ही मेरा रूप-रंग ऐसा है. मेरी त्वचा पूरी तरह सफ़ेद है और बाल सुनहरे हैं, इसलिए लोग अक्सर मुझे विदेशी समझ लेते हैं. लेकिन वीडियो के साथ किए जा रहे दावे गलत हैं."
देशवाल ने पहले भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ईंट-भट्ठे पर काम करते हुए कई वीडियो शेयर किए हैं (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).
आगरा के ताजगंज थाने के प्रभारी जसवीर सिंह ने 2 जुलाई को AFP को बताया कि किसी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को जबरन मजदूरी कराने जैसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं आई है. उन्होंने वायरल दावे को गलत बताया.
उन्होंने कहा, "ऐसी कोई घटना हमारे संज्ञान में नहीं आई. अगर किसी पर्यटक का सामान चोरी हुआ होता, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाती."
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति ऑस्ट्रेलियाई नहीं, बल्कि भारतीय नागरिक है.
AFP पहले भी भारत में पर्यटकों की गलत पहचान से जुड़े कई भ्रामक दावों और वीडियो की पड़ताल कर चुका है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.