नेमार का मेसी के विरुद्ध "अद्भुत गोल" का यह वीडियो एआई जेनरेटेड है
- प्रकाशित 7 जुलाई 2026, 14h26
- 3 मिनट
- द्वारा Sachin BAGHEL, एफप भारत
9 जुलाई से फ़ीफ़ा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले शुरू होने के पहले दुनिया भर में फ़ुटबॉल का उत्साह चरम पर है. इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया गया कि ब्राज़ील के खिलाड़ी नेमार ने अर्जेंटीना के स्टार फ़ुटबॉलर लियोनेल मेसी के खिलाफ़ शानदार गोल किया और यह वह पल था जब "नेमार ने मेसी को पीछे छोड़ दिया". हालांकि, वीडियो में कई ऐसे संकेत हैं जिससे पता चलता है इसे आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से बनाया गया है. इसके अलावा, ब्राज़ील और अर्जेंटीना का इस विश्व कप में आमना-सामना ही नहीं हुआ. ब्राज़ील की टीम 5 जुलाई को नॉर्वे से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयी.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर 25 जून 2026 को एक यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "नेमार का शानदार किक, लियोन मेसी सिर्फ देखता रह गया असंभव सा गोल खा लिए."
हज़ारों बार शेयर किये गए इस वीडियो पर लिखा है, "नेमार ने मेसी को पीछे छोड़ दिया."
यह वीडियो उस समय ऑनलाइन शेयर किया गया जब ब्राज़ील ने 24 जून को स्कॉटलैंड को तीन गोल से हराकर विश्व कप के अंतिम 32 में जगह बनाई थी (आर्काइव्ड लिंक).
जून 11 को मैक्सिको और दक्षिण अफ़्रीका के बीच मुकाबले के साथ शुरू हुआ फ़ीफ़ा विश्व कप 2026 अब क्वार्टरफ़ाइनल के दौर में प्रवेश करने वाला है. शुरुआती मैच में मैक्सिको ने दक्षिण अफ़्रीका को 2-0 से हराया था (आर्काइव्ड लिंक).
फ़ीफ़ा 2026 में ब्राज़ील और अर्जेंटीना के आमने-सामने होने की संभावना 5 जुलाई को खत्म हो गई, जब ब्राज़ील को नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड के दो आखिरी मिनट्स में किये गए गोल की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. इस जीत के साथ नॉर्वे पहली बार विश्व कप के क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंचा (आर्काइव्ड लिंक).
वायरल वीडियो पर यूज़र्स द्वारा किए गए कमेंट्स, जिनमें वे नेमार के गोल को "मास्टरक्लास" और "जादुई" किक बता रहे हैं, दिखाते हैं कि कई लोगों ने इसे असली वीडियो मान लिया.
हालांकि, वीडियो में कई दृश्य विसंगतियां दिखाई देती हैं, जो इसके एआई-जेनरेटेड होने के संकेत हैं. उदाहरण के लिए, नेमार के पैरों की दिशा आपस में बदलती हुई दिखती है और दर्शक के मोबाइल से रिकार्डेड फ़ुटेज के शुरुआती क्षणों में गोलकीपर दिखाई नहीं देता.
वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने पर यह भी दिखता है कि स्टेडियम में मौजूद कई लोग मैदान की ओर देखने के बजाय दूसरी दिशा में देख रहे हैं.
इसके अलावा, लियोनेल मेसी की जर्सी पर फ़ीफ़ा विश्व कप 2026 का लोगो गायब है और नेमार के बालों का रंग भी वास्तविक टूर्नामेंट में उनके लुक से मेल नहीं खाता. ये सभी संकेत बताते हैं कि वीडियो किसी असली विश्व कप मैच का नहीं है.
Hive Moderation नामक एआई डिटेक्शन टूल के विश्लेषण ने भी पुष्टि की कि वीडियो में "एआई- जेनरेटेड या डीपफ़ेक सामग्री होने की अत्यधिक संभावना है" (आर्काइव्ड लिंक).
AFP पहले भी फ़ीफ़ा विश्व कप से जुड़ी गलत सूचनाओं को फ़ैक्ट चेक कर चुका है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.