वेनेज़ुएला भूकंप के दावे से वायरल क्लिप दरअसल वीडियो गेम सिमुलेशन है

जून 24, 2026 को वेनेज़ुएला में आए ज़बरदस्त भूकंपों में हज़ारों इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो जिसमें दो ऊंची इमारतें आपस में टकराकर ज़मीन पर गिरती दिखाई देती हैं, इस भूकंप के दौरान का नहीं है. यह वीडियो अक्टूबर 2023 से यूट्यूब पर मौजूद है, जहां इसे वीडियो गेम का फ़ुटेज बताया गया है.

X पर 26 जून 2026 को पोस्ट किए गए एक वीडियो का कैप्शन है, "वेनेजुएला में भूकंप का एक ओर खौफनाक विडियो."

वीडियो में दो ऊंची इमारतों के नीचे ज़मीन हिलती हुई दिखती है, जिसके बाद वे एक-दूसरे पर गिरते हुए ढह जाती हैं. 

Image
30 जून, 2026 को लिए गए फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट, जिस पर AFP द्वारा X साइन जोड़ा गया है

यही क्लिप फ़ेसबुकइंस्टाग्रामथ्रेड्स और X पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर की गई थी.

24 जून को उत्तरी वेनेज़ुएला में एक मिनट से भी कम समय के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो विनाशकारी भूकंप आये (आर्काइव्ड लिंक).

इन भूकंपों में लगभग 2,300 लोगों की मौत हो गई और लगभग 4,300 लोग घायल हुए.

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA द्वारा जारी सैटेलाइट डेटा के शुरुआती आकलन के अनुसार, दो भूकंपों से 58,000 से ज़्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गईं हैं (आर्काइव्ड लिंक).

हालांकि भूकंप के दौरान इमारतें गिरने के कई वीडियो मौजूद हैं, लेकिन वायरल वीडियो इस आपदा का असली फ़ुटेज नहीं है (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो गेम का फ़ुटेज

वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने पर ऐसे कई संकेत दिखते हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह वीडियो वेनेज़ुएला में आए भूकंप के दौरान नहीं फ़िल्माया गया. 

वीडियो में कोई भी व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा है, इमारत का एक फ़्लैट पूरी तरह से खाली दिखता है और सामने दिख रही पुलिस की गाड़ी AFP की तस्वीरों में दिखाई गई वेनेज़ुएला की पुलिस गाड़ियों जैसी नहीं है.

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट, जिसमें AFP ने गड़बड़ियों को हाइलाइट किया है

गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर यूट्यूब पर 2 अक्टूबर, 2023 को पोस्ट की गई एक वीडियो मिली (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो का शीर्षक है, "दोनों टावर ढह गए!(Teardown में भूकंप का सिमुलेशन)".

Teardown एक ऐसा गेम है जिसमें खिलाड़ियों को गाड़ियों और धमाकों का इस्तेमाल करके एक सिम्युलेटेड माहौल को नष्ट करने की आज़ादी होती है (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और अक्टूबर 2023 में YouTube पर शेयर किए गए वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

यूट्यूब चैनल पर गेम के कई और वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें उन्हीं इमारतों को गिरते या उनमें विस्फोट होते हुए दिखाया गया है (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां और यहां).

AFP पहले भी वेनेज़ुएला में भूकंप से जुड़े अन्य गलत दावों को फ़ैक्ट चेक कर चुका है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें