तुर्की में गिरी इमारत का पुराना वीडियो गलत दावे से वेनेज़ुएला में आए भूकंप से जोड़ा गया
- प्रकाशित 30 जून 2026, 14h57
- 3 मिनट
- द्वारा Pasika KHERNAMNUOY, एफप थाईलैंड
- अनुवाद और अनुकूलन Akshita KUMARI
सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट शेयर किए गए जिनमें दावा किया गया है कि जून 2026 में वेनेज़ुएला में आए ज़ोरदार भूकंपों के बाद एक इमारत ढह गई; लेकिन असल में, भूकंप के बाद बहुमंज़िला इमारत ढहने का एक पुराना वीडियो तुर्की का है. AFP ने पता लगाया है कि यह क्लिप दक्षिण-पूर्वी तुर्की के सानलिउर्फ़ा प्रांत का है और इसे फ़रवरी 2023 में इंटरनेशनल न्यूज़ एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर प्रसारित किया था.
फ़ेसबुक पर 25 जून 2026 को पोस्ट किए गए एक वीडियो का कैप्शन है, "126 साल में सबसे खतरनाक भूकंप! वेनेजुएला के भूकंप में कम से कम 10 हजार की मौत, USGS का चौंकाने वाला दावा."
आठ सेकंड के इस क्लिप में एक इमारत को ढहते और लोगों को उस इलाके से भागते हुए देखा जा सकता है.
यही क्लिप फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर की गई थी.
यह वीडियो तब वायरल हुआ जब 24 जून को उत्तरी वेनेज़ुएला में एक मिनट से भी कम समय के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए, जिनमें कम से कम 235 लोगों की मौत हो गई और लगभग 4,300 लोग घायल हो गए (आर्काइव्ड लिंक).
इमारतों के मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए खोज और बचाव अभियान चल रहा था और दुनिया भर से मदद के प्रस्ताव आएं (आर्काइव्ड लिंक). स्विट्ज़रलैंड, स्पेन, फ़्रांस, पुर्तगाल और मैक्सिको समेत कई देशों ने वेनेज़ुएला में मदद के लिए अपनी विशेष बचाव टीमें भेजी थीं.
लेकिन वायरल हो रही क्लिप वेनेज़ुएला भूकंप से तीन साल से भी पहले की है, जिसे असल में तुर्की में फ़िल्माया किया गया था.
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने से वही फ़ुटेज मिला, जिसे रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी ने 6 फ़रवरी, 2023 को अपने यूट्यूब और X अकाउंट पर पब्लिश किया था (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "वीडियो में मध्य तुर्की और उत्तर-पश्चिम सीरिया में 7.8 तीव्रता के ज़बरदस्त भूकंप के बाद एक इमारत को गिरते हुए दिखाया गया है." न्यूज़ एजेंसी ने इस वीडियो का क्रेडिट तुर्की के ब्रॉडकास्टर 'Urfa TV' को दिया है.
इसी क्लिप का इस्तेमाल BBC News, CNN और CBS की उन रिपोर्टों में भी किया गया था, जिनमें 6 फ़रवरी 2023 की सुबह सीरियाई सीमा के पास दक्षिण-पूर्वी तुर्की में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बारे में बताया गया था (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां और यहां).
AFP के अनुसार लगभग 60,000 लोग मारे गए थे -- तुर्की में 53,000 और सीरिया में 6,000 (आर्काइव्ड लिंक).
अधिकारियों ने बताया कि तुर्की में 12,000 से ज़्यादा इमारतें -- जिनमें से कुछ भूकंप से सिर्फ़ छह महीने पहले ही बनी थीं -- या तो पूरी तरह नष्ट हो गईं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे निर्माण की खराब गुणवत्ता की पोल खुल गई (आर्काइव्ड लिंक).
सामने आए वीडियो के दृश्य, भूकंप से पहले अक्टूबर 2022 में सानलिउर्फा प्रांत के हलीलिये ज़िले की एक इमारत की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से भी मेल खाते हैं (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने पहले भी ऐसे गलत दावों को फ़ैक्ट चेक किया है जिनमें 2023 में तुर्की में आए भूकंप के फ़ुटेज को गलत दावे से शेयर किया गया था.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.