वेनेज़ुएला में रनवे पर क्रैश का पुराना वीडियो अजित पवार की प्लेन दुर्घटना के दावे से वायरल

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को एक चार्टर्ड विमान हादसे में मौत हो गई. हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो, जिसमें एक छोटा विमान रनवे पर अचानक गिरते और क्रैश होते दिखता है, इस हादसे का नहीं है. वीडियो सबसे पहले अक्टूबर 2025 में पश्चिमी वेनेज़ुएला में हुए एक विमान हादसे की रिपोर्ट्स के साथ प्रकाशित किया गया था, जिसमें दो क्रू मेंबर्स की मौत हुई थी.

वीडियो को 28 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है जिसमें एक विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद रनवे पर अचानक गिरता है और उसमें विस्फोट के साथ आग लग जाती है. 

पोस्ट का कैप्शन है: "लाइव विमान क्रैश उपमुख्यमंत्री अजित पवार."

वीडियो के ऊपर टेक्स्ट में भी दावा किया गया है कि यह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निजी विमान है, जो 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक खुले खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था (आर्काइव्ड लिंक).

हालांकि, विमानन अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी.

Image
गलत दावे से से शेयर की गई इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X जोड़ा गया है

वीडियो को इसी तरह के दावों के साथ इंस्टाग्राम और X पर भी शेयर किया गया है, लेकिन यह अजित पवार के विमान हादसे का नहीं है.

गलत दावे के साथ शेयर किए गए वीडियो के की-फ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर यही फ़ुटेज 23 अक्टूबर 2025 को फ़्रांस के अख़बार ले फ़िगारो द्वारा यूट्यूब पर प्रकाशित मिली जिसमें कहा गया है कि यह वीडियो  वेनेज़ुएला में हुए एक विमान हादसे का है (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो के डिस्क्रिप्शन के अनुसार, यह हादसा एक दिन पहले वेनेज़ुएला के पश्चिमी ताचिरा राज्य स्थित सैन क्रिस्तोबाल नेशनल पार्क के परमिलो हवाई क्षेत्र में हुआ था. इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे.

मूल वीडियो के ऑडियो में एक महिला को स्पेनिश में बोलते हुए भी सुना जा सकता है.

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बायें) और ले फ़िगारो के यूट्यूब वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

कोलंबिया के अख़बार एल तिएम्पो ने भी इस विमान हादसे पर अपनी रिपोर्ट में इस वीडियो को प्रकाशित किया था (आर्काइव्ड लिंक).

इसके अलावा, वायरल हो रहे वीडियो में दिखने वाला इलाका गूगल मैप्स पर एक यूज़र द्वारा अपलोड की गई परमिलो हवाई पट्टी की रनवे की एक तस्वीर से मेल खाता है (आर्काइव्ड लिंक).

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें