योगी आदित्यनाथ के 2024 के भाषण का एडिटेड वीडियो गलत दावे के साथ वायरल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वे खुद को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताते हुए कह रहे हैं कि "प्रधानमंत्री बनने के छह महीने बाद पीओके भारत का हिस्सा होगा". हालांकि, यह दावा भ्रामक है. वायरल क्लिप 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में हुई एक जनसभा का है, जहां योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदर्भ में यह बयान दे रहे थे, न कि खुद को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बता रहे थे. भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने 5 फ़रवरी को एएफ़पी से पुष्टि की कि वीडियो को गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.

फ़ेसबुक पर 29 जनवरी 2026 को शेयर किए जाने के बाद से इस वीडियो को 1.15 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है. वीडियो में योगी आदित्यनाथ को एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह कहते दिखाया गया है: "प्रधानमंत्री बनने दो छह महीने के भीतर आप देखेंगे कि पीओके भी भारत का हिस्सा होगा."

पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (पीओके) को भारत के नियंत्रण में लाने का मुद्दा भारतीय जनता पार्टी का मुख्य चुनावी मुद्दा है जो लगभग हर चुनावी जनसभा में उनके नेताओं द्वारा बार-बार उठाया जाता है (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो के ऊपर टेक्स्ट है, "कौन कौन चाहता है कि योगी जी 2029 में प्रधानमंत्री कौन बनें?"

टेक्स्ट में "UGC पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई सभी को बधाई" का ज़िक्र भी किया गया है. 

Image
गलत दावे से शेयर की गई फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X जोड़ा गया है

वीडियो  को ऐसे ही दावों के साथ थ्रेड्स और यूट्यूब पर भी शेयर किया गया है.

हालांकि, फ़ुटेज को भ्रामक रूप से एडिट किया गया है, जिससे ऐसा लगता है कि योगी आदित्यनाथ खुद को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश कर रहे हैं.

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने 5 फ़रवरी को एएफ़पी से कहा, "यह वीडियो फ़ेक है और इसे गलत संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है."

गलत दावे के साथ शेयर किए गए वीडियो के की-फ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर न्यूज़ एजेंसी एएनआई द्वारा 18 मई 2024 को यूट्यूब पर प्रकाशित इसका लंबा संस्करण मिला (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो की हेडलाइन है, "'PoK भारत का हिस्सा बन जाएगा...' PM मोदी के तीसरे कार्यकाल पर CM योगी का बड़ा दावा", जिसमें "PoK" का उपयोग पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के लिए किया गया है.

वीडियो के 1:33 मिनट के मार्क पर योगी आदित्यनाथ को वही बात कहते हुए सुना जा सकता है, जो वायरल क्लिप में सुनाई देती है.

हालांकि, वायरल वीडियो में योगी द्वारा "नरेन्द्र मोदी" के नाम का ज़िक्र एडिट कर हटा दिया गया है, जिससे ऐसा लगता है कि योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं "मुझे प्रधानमंत्री बनने दो", जबकि असल में वे "नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने" को कह रहे थे.

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बायें) और एएनआई के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

एएनआई के वीडियो डिस्क्रिप्शन के अनुसार, योगी आदित्यनाथ 18 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान पश्चिमी महाराष्ट्र के पालघर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

इसी मुद्दे पर एएनआई की टेक्स्ट रिपोर्ट में योगी के हवाले से कहा गया है, "मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए, छह महीने के भीतर पीओके भारत का हिस्सा होगा" (आर्काइव्ड लिंक). 

योगी आदित्यनाथ का यह भाषण रिपब्लिक वर्ल्ड और दैनिक जागरण ने भी यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीम किया था (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

उस वक्त भी इस बयान को व्यापक रूप से कवर किया गया था और लगभग सभी रिपोर्ट्स में योगी आदित्यनाथ के बयान को स्पष्ट रूप से प्रकाशित किया गया था कि मोदी के अगली बार प्रधानमंत्री बनने पर पीओके भारत का हिस्सा होगा (आर्काइव्ड लिंक्स यहां, यहां और यहां).

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें