एपस्टीन फ़ाइल्स में यूएई के राष्ट्रपति ज़ायद अल नाहयान की कथित तस्वीर असल में एडिटेड है
- प्रकाशित 18 फरवरी 2026, 12h44
- 3 मिनट
- द्वारा Akshita KUMARI, एफप भारत
अमेरिकी सरकार द्वारा दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंधित फ़ाइलों के प्रकाशित होने के बाद सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट्स शेयर की गईं जिनमें ये गलत दावा किया गया कि दस्तावेजों के जत्थे में एक तस्वीर में दो महिलाओं को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान का चुंबन लेते देखा जा सकता है. हालांकि तस्वीर में छेड़छाड़ की गई है; मूल तस्वीर फ़ाइलों के जारी होने से पहले की है और उसमें एक मोरक्को के एक पूर्व फ़ुटबॉल खिलाड़ी दिखाई दे रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर 4 फ़रवरी 2026 को एक पोस्ट में शेयर की गई तस्वीर का कैप्शन है, "अबू धाबी का क्राउन प्रिंस Mohammed bin Zayed Al Nahyan भी एप्सटीन के प्राइवेट आईलैंड पर मजा मारने जाता था."
पोस्ट के साथ दो तस्वीरें है -- एक में दो महिलाओं को एक पुरुष के गालों को चूमते देखा जा सकता है जबकि दूसरी में अमीराती नेता को देखा जा सकता है (आर्काइव्ड लिंक).
यूएस जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा एपस्टीन की जांच से संबंधित लाखों दस्तावेज़ जारी किए जाने के बाद फ़ेसबुक, थ्रेड्स और X जैसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर भी इसी तरह के पोस्ट शेयर किए गए. एपस्टीन की 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी के आरोप में मुकदमे की प्रतीक्षा करते हुए मृत्यु हो गई थी (आर्काइव्ड लिंक).
पहले जारी किए गए दस्तावेज़ एपस्टीन के व्यापार, मनोरंजन, शिक्षा और राजनीति जगत की प्रमुख हस्तियों -- जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और पूर्व नेता बिल क्लिंटन -- के साथ संबंधों को उजागर करते हैं.
एपस्टीन फ़ाइल्स में किसी व्यक्ति के नाम का मात्र उल्लेख होना, उस व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के गलत कार्य में शामिल होने का सबूत नहीं है.
हालांकि सार्वजनिक किए गए दस्तावेज़ कम से कम इतना तो साफ़ दिखाते हैं कि एपस्टीन या उसके करीबी लोगों और कुछ सार्वजनिक हस्तियों के बीच संबंध थे -- जिन्हें उनके द्वारा अक्सर कम कर के बताया गया है या पूरी तरह से नकार दिया गया है.
पोस्ट्स पर आए कमेंट्स से पता चलता है कि कई यूज़र्स ने तस्वीर को असली मान लिया है.
एक यूज़र ने लिखा, "सबकी अय्याशियां खुल के बाहर आ रही हैं...इस डिजिटल दौर मे कुछ भी सुरक्षित नही..."
एक अन्य ने कहा, "सब बड़े-बड़े लोग एप्सटीन के प्राइवेट आईलैंड पर मज़ा करने जाते थे बड़े-बड़े राजा प्रधानमंत्री राष्ट्रपति सब के सब."
यूएस वर्जिन आइलैंड्स में स्थित निजी द्वीप लिटिल सेंट जेम्स की यात्राओं को लेकर कई हाई-प्रोफ़ाइल लोग जांच के दायरे में आ गए हैं. अभियोजकों का आरोप है कि एपस्टीन ने इसी द्वीप पर नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी की थी (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, यह तस्वीर एडिटेड है.
गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर 25 जनवरी, 2012 को फ़ेसबुक पर अपलोड की गई एक मिलती-जुलती तस्वीर मिली (आर्काइव्ड लिंक).
अरबी भाषा में लिखे कैप्शन में उस व्यक्ति की पहचान मोरक्को के पूर्व फ़ुटबॉलर मारौने चमाख के रूप में की गई है, जो 2019 में रिटायर हो गए थे (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
एक मोरक्कन खेल समाचार पत्र ने मोरक्को के खिलाड़ियों, जिनमें चमाख भी शामिल थे, की लीक हुई नाइटक्लब फ़ोटोज़ के बारे में एक रिपोर्ट में इस तस्वीर को शामिल किया था (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, जनवरी 2026 में जारी की गई एपस्टीन फाइलों के बैच में अल नाहयान का ज़िक्र है, लेकिन इनमें एफ़बीआई ब्रीफ़िंग नोट्स, एक न्यूज़ रिपोर्ट की कॉपी और एक हेल्थ क्लब से एपस्टीन को भेजे गए ईमेल के संदर्भ शामिल हैं (आर्काइव्ड लिंक).
फ़ैक्ट-चेकिंग संगठन Boom और The Quint ने भी यूएई के राष्ट्रपति की फ़र्ज़ी तस्वीर को खारिज किया है (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
एपस्टीन से संबंधित अन्य गलत सूचनाओं पर एएफ़पी की कवरेज यहां देखी जा सकती है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.