दुबई में पाकिस्तानी व्लॉगर द्वारा रोबोट से अभद्रता का वीडियो दिल्ली एआई-समिट से जोड़कर वायरल
- प्रकाशित 11 मार्च 2026, 06h35
- 2 मिनट
- द्वारा Devesh MISHRA, एफप भारत
फ़रवरी 2026 में दिल्ली में आयोजित एक वैश्विक एआई सम्मेलन में कई बड़ी टेक कंपनियों के सीईओ और कई देशों के प्रमुख शामिल हुए; इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस गलत दावे के साथ शेयर किया गया कि इसमें सम्मेलन स्थल पर प्रदर्शित एक रोबोट को एक व्यक्ति गाली देते हुए दिख रहा है. जबकि असलियत में यह वीडियो संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एक अलग कार्यक्रम का था और वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने एएफ़पी से पुष्टि की कि उसका वीडियो नई दिल्ली में हुए इस सम्मेलन से संबंधित नहीं है.
वीडियो को 18 फ़रवरी 2026 को X में पोस्ट किया गया जिसका कैप्शन है: AI सम्मिट के दौरान हमारा भारत देश चीन जैसे देश को टक्कर सिर्फ बच्चा पैदा करने के मामले में ही दे सकता है. क्यूंकि भारत के पुरूषों के दिमाग में वही जिस सबसे ज़्यादा रहती है जिससे वो पैदा हुआ है.”
वीडियो में एक व्यक्ति माइक्रोफ़ोन के ज़रिये एक रोबोट से बातचीत करता दिखाई देता है. इसके बाद वह रोबोट से कही गई एक अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी का जवाब देने के लिए कहता है, लेकिन रोबोट ऐसा करने से इनकार कर देता है.
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में दुनिया भर की टेक कंपनियों और निवेशकों ने हिस्सा लिया, लेकिन यह सम्मेलन विवादों में भी आ गया जब एक भारतीय प्रोफ़ेसर ने दावा किया कि प्रदर्शनी में दिखाया गया चीन में बना एक रोबोट डॉग उनके विश्वविद्यालय में विकसित किया गया है (आर्काइव्ड लिंक).
यह वीडियो फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर किया गया है.
पोस्ट पर यूज़र्स के कमेंट्स से पता चलता है कि कई लोगों ने इसे दिल्ली में हुए एआई समिट का वीडियो माना है.
एक यूज़र ने लिखा, "मोदी ने देश की तकनीकी क्षमता दिखाने के लिए इतना बड़ा एआई समिट आयोजित किया, लेकिन ऐसे लोगों की वजह से हमें बदनाम होना पड़ता है."
एक अन्य ने लिखा, "भारतीय पुरुष इतने बड़े एआई कार्यक्रम में भी गाली-गलौज ही करते हैं."
लेकिन यह वीडियो इस कार्यक्रम से संबंधित नहीं है, इसे वास्तव में दुबई में फ़िल्माया गया है.
क्लिप के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें 17 फ़रवरी को पोस्ट किया गया एक समान इंस्टाग्राम वीडियो मिला, जिसके कैप्शन में लिखा है, "Robot shocked what I said, Chaudhary Kashif Zameer" और उसमें "Dubai" हैशटैग भी था (आर्काइव्ड लिंक).
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूज़र काशिफ ज़मीर ने अपलोड किया था. उन्होंने एएफ़पी से पुष्टि की कि वीडियो में वो ही दिख रहे हैं.
उन्होंने 23 फ़रवरी को कहा, "यह वीडियो दुबई में फ़िल्माया गया था और इसका भारत से कोई संबंध नहीं है. मैं पाकिस्तान से हूं और दुबई की यात्रा के दौरान इसे रिकॉर्ड किया था."
आगे किए गए कीवर्ड सर्च से पता चला कि यह रोबोट Ameca है, जिसे अप्रैल 2025 में दुबई के म्यूज़ियम ऑफ़ द फ़्यूचर में आयोजित Dubai AI Week के दौरान प्रदर्शित किया गया था (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).
यह रोबोट म्यूज़ियम ऑफ़ द फ़्यूचर में रिकॉर्ड किए गए अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में भी देखा जा सकता है (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.