नाइजीरिया के होटल में लगी आग का वीडियो हालिया अफ़गान-पाक संघर्ष से जोड़कर वायरल
- प्रकाशित 10 मार्च 2026, 07h33
- 2 मिनट
- द्वारा Devesh MISHRA, एफप भारत
पाकिस्तान ने फ़रवरी 2026 के अंत में अफ़गानिस्तान के कई बड़े शहरों, जिनमें राजधानी काबुल भी शामिल है, पर बमबारी की. महीनों से जारी जवाबी हिंसा के बाद अधिकारियों ने इसे तनाव में बड़ी बढ़ोतरी बताया है. लेकिन सोशल मीडिया पर शेयर किया गया एक वीडियो, जिसे इन हवाई हमलों का बताया जा रहा है, असल में इससे संबंधित नहीं है. यह क्लिप जनवरी में नाइजीरिया में फ़िल्माई की गई थी जब एक एक होटल में आग लगी थी.
फ़ेसबुक पर 28 फ़रवरी को शेयर किये गए वीडियो पर 25000 से भी ज़्यादा व्यूज़ हैं.
पोस्ट का कैप्शन है, "अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर किया ड्रोन अटैक खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के इस्लामाबाद के नौशेर इलाके में ड्रोन ने तोप के गोले के डिपो को निशाना बनाया."
करीब 10 सेकंड के इस वीडियो में एक इमारत के दरवाज़े के पास आग लगी दिखाई देती है, जबकि लोग घबराकर इधर-उधर भागते नज़र आते हैं.
हाल ही में दोनों देशों के बीच भयंकर गोलीबारी के बाद इस्लामाबाद के रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान के बीच "खुला युद्ध" चल रहा है, इसके बाद ही वीडियो को X और फ़ेसबुक पर शेयर किया गया (आर्काइव्ड लिंक).
पाक-अफ़गान की ताज़ा सैन्य कार्रवाई 26 फ़रवरी को हुई झड़पों के बाद शुरू हुई. इससे पहले इस्लामाबाद की ओर से हुई एयरस्ट्राइक के जवाब में अफ़गान बलों ने पाकिस्तानी सीमा पर तैनात सैनिकों पर हमला किया था.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा, "अफ़गान तालिबान के रक्षा ठिकानों को काबुल, पक्तिया और कंधार में निशाना बनाया गया." इस्लामाबाद का कहना है कि यह कार्रवाई अफ़गान क्षेत्र से संचालित उन "उग्रवादी हमलों के जवाब में की गई है."
हालांकि, वायरल हो रहा वीडियो नाइजीरिया का है.
वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर इसका थोड़ा लंबा संस्करण मिला, जिसे 1 जनवरी को X पर शेयर किया गया था. कैप्शन में लिखा है: "पिछली रात ओयो राज्य के ओयो टाउन स्थित अदेश होटल में लगी आग का वीडियो" (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो पर टिकटॉक यूज़र @doncash730 का वॉटरमार्क भी दिखता है, जिसने इसे उसी दिन पोस्ट किया था (आर्काइव्ड लिंक).
यूज़र ने कई कमेंट्स का जवाब देते हुए कहा कि यह घटना दक्षिण-पश्चिमी नाइजीरिया में "ओयो राज्य के अदेश होटल में आग" की थी।
एएफ़पी ने टिकटॉक यूज़र से संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
आगे गूगल पर "Adesh Hotel fire incident" कीवर्ड सर्च करने पर अलग-अलग एंगल से आग के दूसरे वीडियो भी मिले (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां)
एएफ़पी ने नाइजीरिया के ओयो राज्य में अदेश होटल की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से तुलना करके क्लिप की लोकेशन कन्फ़र्म की है (आर्काइव्ड लिंक).
पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान संघर्ष से जुड़ी अन्य फ़र्ज़ी सूचनाओं को एएफ़पी ने यहां फ़ैक्ट-चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.