अफ़गान-पाक सीमा विवाद के दावे से शेयर किये गये वीडियो पुराने और असंबंधित हैं

अफ़गान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच 2026 की शुरुआत से ही बॉर्डर पर झड़पें हो रही हैं. इसी बीच इस्लामाबाद में एयरस्ट्राइक से मची तबाही के दावे से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर काफ़ी शेयर हो रहे हैं. हालांकि वीडियो पुराने और असंबंधित हैं. पहली क्लिप 2018 में US मिलिट्री एक्सरसाइज़ की है, जबकि दूसरी 29 जनवरी, 2026 को मिस्र के काहिरा में लगी भीषण आग दिखाती है.

फ़रवरी 28 को X पर शेयर किये गए वीडियो का कैप्शन है, "ये कोई वीडियो गेम नहीं है या कोई AI वीडियो नहीं है. यह अफ़गानिस्तान द्वारा पाकिस्तान में आतिशबाजी की जा रही है. Afghanistan की फौज ने रात होते ही Pakistan पर चढ़ाई कर दी है. BM-21 Rockets से पाकिस्तान में तबाही मचा रहे हैं अफगानी. पाकिस्तान से भारत का प्रॉक्सी वॉर बता रहा है."

पोस्ट में रात के समय की एक फ़ुटेज है जिसमें धुएं और रौशनी के बीच मिसाइलें दागी जा रही हैं.

अफ़गानिस्तान द्वारा 26 फ़रवरी को काबुल पर पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के जवाब में बॉर्डर पर हमला किया गया जिसके बाद से ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जाने लगा (आर्काइव्ड लिंक).

अफ़गानिस्तान में UN मिशन ने बताया कि 26 फ़रवरी से अब तक कम से कम 42 आम लोग मारे गए हैं और 104 घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.

इस्लामाबाद ने अभी तक आम लोगों के मारे जाने पर कोई कमेंट नहीं किया है और कहा है कि उसके सैनिकों ने 430 से ज़्यादा अफ़गान सैनिकों को मार गिराया है (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर की गई X पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X जोड़ा गया है

एक अन्य फ़ेसबुक पोस्ट में भी 28 फ़रवरी को इसी तरह के दावों के साथ एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें एक रिहायशी इलाके में एक बिल्डिंग से आग और धुआं निकलता दिख रहा है.

पोस्ट का कैप्शन है: "इस्लामाबाद आग की लपटों में जल रहा है. एक बार फिर पाकिस्तानी शासन द्वारा पक्तिया प्रांत में नागरिकों को निशाना बनाये जाने के बाद, अफगान वायुसेना ने आत्मघाती ड्रोन हमलों का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर भारी हमला किया."

Image
गलत दावे से शेयर की गई फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X जोड़ा गया है

वीडियो को इसी तरह के दावों के साथ X पोस्ट और इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है.

हालांकि अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान बॉर्डर पर एक हिंसक लड़ाई में फंसे हुए हैं जिसमें कई जानलेवा हमले हुए हैं, लेकिन शेयर की जा रहीं क्लिप्स इस लड़ाई से संबंधित नहीं हैं.

2018 US मिलिट्री एक्सरसाइज़

गलत दावे के वीडियो के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर वैसा ही एक वीडियो मिला जिसे US आर्मी की 17वीं फ़ील्ड आर्टिलरी ब्रिगेड ने 29 अगस्त, 2018 को X पर शेयर किया था (आर्काइव्ड लिंक).

पोस्ट का कैप्शन है: "आर्टिलरी की आवाज़ क्या है?! @5thBN3rdFAR ने अपने बैटरी एक्सटर्नल इवैल्यूएशन के सपोर्ट में हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (HIMARS) के साथ रात में लाइव फ़ायर एक्सरसाइज़ की."

कैप्शन में US आर्मी के ऑफ़िशियल X हैंडल @USArmy को टैग किया गया है.

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बाएं) और 2018 की X पोस्ट के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

बाद में गूगल पर कीवर्ड सर्च करने पर पता चला कि US आर्मी और 3rd फ़ील्ड की 5th बटालियन के वेरिफ़ाइड फ़ेसबुक अकाउंट ने अगस्त 2018 में इसी एक्सरसाइज़ के मिलते-जुलते वीडियो अपलोड किए थे (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

यही वीडियो 29 अगस्त, 2018 को यूट्यूब पर शेयर किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).

काहिरा की बिल्डिंग में आग

धुएं और आग से भरी बिल्डिंग को दिखाने वाली क्लिप के कीफ़्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर क़तर  की ब्रॉडकास्टर अलाराबी टीवी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 29 जनवरी, 2026 को शेयर किया गया ऐसा ही एक वीडियो मिला जिसका क्रेडिट फ़ेसबुक पेज एल-मोकत्तम को दिया गया है (आर्काइव्ड लिंक).

पोस्ट का अरबी भाषा में कैप्शन है: "काहिरा के मनशेयत नासिर जिले के अल-ज़रायब इलाके में एक घर में आग लग गई और आस-पास के कई घरों में फैल गई."

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बाएं) और अलाराबी टीवी के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

फ़ेसबुक पेज पर उसी दिन आग लगने की घटना के दूसरे भी कई विज़ुअल्स शेयर किए हैं.

न्यूज़ आउटलेट इजिप्ट टुडे ने गलत दावे की पोस्ट में शेयर किये गए वीडियो का एक स्क्रीनशॉट पब्लिश किया, जिसमें कहा गया कि काहिरा में 29 जनवरी को हुई आग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो को कई दूसरे मीडिया आउटलेट्स ने यहां और यहां शेयर किया है (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

एएफ़पी ने अफ़गानिस्तान-पाकिस्तान की लड़ाई से जुड़ी अन्य फर्ज़ी सूचनाओं को यहां फ़ैक्ट-चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें