सड़क पर फांसी देने के गलत दावे से म्यूज़िक वीडियो का सीन वायरल
- प्रकाशित 14 अप्रैल 2026, 09h25
- 2 मिनट
- द्वारा Sachin BAGHEL, एफप भारत
सोशल मीडिया पर एक वीडियो, जिसमें तीन लोग क्रेन से लटके दिख रहे हैं, शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये नेपाल में एक लड़की से बलात्कार करने के आरोपी तीन मुस्लिम व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थल पर दी गयी फांसी दिखाता है. हालांकि, यह दावा गलत है. यह दृश्य असल में पंजाब में एक म्यूज़िक वीडियो की शूटिंग के दौरान फ़िल्माया गया था.
16 मार्च 2026 को X पर शेयर किए गए एक पोस्ट का कैप्शन है, "नेपाल में जिहादियों ने एक नेपाली हिंदू लड़की से बलात्कार किया. नेपाली हिंदुओं ने उन्हें सड़क पर फांसी दे दी."
"जिहाद" शब्द का आम तौर पर मतलब "पवित्र युद्ध" बताया जाता है, लेकिन भारत में कुछ कट्टरपंथी लोग "जिहादी" शब्द का इस्तेमाल मुसलमानों के लिए अपमानजनक तरीके से करते हैं.
पोस्ट में आगे लिखा है, "जब भारत में भी ऐसा होगा, तभी हिंदू महिलाएं इन जिहादियों से सुरक्षित होंगी."
चेतावनी
इसी तरह के दावे के साथ यह वीडियो X और फ़ेसबुक पर भी शेयर किया गया, लेकिन असल में यह भारत के पटियाला शहर में शूट किए गए एक म्यूज़िक वीडियो का सीन है.
वीडियो के कीफ़्रेम्स की मदद से गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि वायरल वीडियो में दिख रहा मेहराब Google Maps Street View पर उपलब्ध पंजाब प्रांत में स्थित किला मुबारक की तस्वीरों से मेल खाता है (आर्काइव्ड लिंक).
चेतावनी
आगे के कीवर्ड सर्च में "Defender" नाम का एक वीडियो मिला, जिसमें वही तीन लोग अलग एंगल से देखे जा सकते हैं (आर्काइव्ड लिंक).
इसके विवरण में बताया गया है कि यह गायक मनकीरत औलाख के गाने का यह सीन किला मुबारक में फ़िल्माया गया है.
वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि क्रेन पर कैमरा लगा हुआ था और तीनों लोगों ने सुरक्षा उपकरण पहन रखे थे.
चेतावनी
एक अलग कीवर्ड सर्च में इस वीडियो का बिहाइंड-द-सीन्स क्लिप भी मिला, जिसमें वही क्रेन और सुरक्षा उपकरण दिखते हैं (आर्काइव्ड लिंक).
Amnesty International के अनुसार, नेपाल में मृत्युदंड को समाप्त कर दिया गया है (आर्काइव्ड लिंक).
एएफ़पी को नेपाल में हाल ही में किसी फांसी की घटना से जुड़ी कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.