जापान में आए हालिया भूकंप के दावे से शेयर किए गए वीडियो पुराने हैं

जापान के उत्तरपूर्वी तट पर 20 अप्रैल को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद उसके प्रभाव और तीव्रता को दिखाने के दावे से सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो शेयर किये जाने लगे. हालांकि, इन क्लिप्स में 2024 में न्यू ईयर के दिन पश्चिमी जापान के एक प्रांत में आए भूकंप के बाद के हालात, 2025 में पूर्वी जापान में आये सुनामी तथा मार्च 2011 में आए विनाशकारी भूकंप और सुनामी के हालात दिखाए गए हैं.

फ़ेसबुक पर 20 अप्रैल, 2026 को एक वीडियो शेयर किया गया जिसका कैप्शन है, "जापान में सोमवार 7.5 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया. भूकंप का केंद्र तट से करीब 100 किमी दूर समुद्र में 10 किमी गहराई पर था. जापानी मौसम एजेंसी ने इवाते, होक्काइडो और आओमोरी के तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की है."

वीडियो में भूकंप से इमारतें और बिजली के खंभे बुरी तरह हिलते दिखाई दे रहे हैं.

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

दूसरे वीडियो को X पर शेयर किया गया है जिसमें विशाल लहरें तटीय क्षेत्रों से टकराती हुई दिखाई दे रही हैं. पोस्ट का कैप्शन है, "आज आए 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद जापान के तट पर टकराने वाली सुनामी लहरों की पहली तस्वीरें."

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

तीसरा वीडियो 20 अप्रैल को फ़ेसबुक पर शेयर किया गया है, जिसमें सुनामी की लहरें शहर की एक सड़क को अपनी चपेट में लेती हुई दिखाई दे रही हैं.

वीडियो का कैप्शन है, "जापान में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद विनाशकारी सुनामी की एक तस्वीर."

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

ये सभी वीडियो चीनी, अंग्रेजी, जापानी और थाई सहित कई भाषाओं में इसी तरह के सोशल मीडिया पोस्ट में शेयर किये गये हैं.

लगभग 12 करोड़ की आबादी वाले और भूकंपीय रूप से दुनिया के सबसे अधिक सक्रिय देशों में से एक जापान में 20 अप्रैल को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद गलत दावे से ये वीडियो ऑनलाइन शेयर किए गए (आर्काइव्ड लिंक).

भूकंप ने उत्तरी जापान को हिला दिया और इवाते प्रांत के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर (31 इंच) तक ऊंची सुनामी लहरें देखी गईं. हालांकि इसमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ (आर्काइव्ड लिंक).

लेकिन ऑनलाइन शेयर हो रहे वीडियो 20 अप्रैल के भूकंप से संबंधित नहीं हैं. 

2024 नोटो भूकंप

भूकंप के दौरान कार के अंदर से फ़िल्माये गये सड़क के हिलने के वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर 11 जनवरी, 2024 को जापान के एमबीएस न्यूज़ द्वारा यूट्यूब पर शेयर किया गया एक लंबा, बिना क्रॉप किया फ़ुटेज मिला (आर्काइव्ड लिंक).

जापानी भाषा में वीडियो के डिस्क्रिप्शन में कहा गया है कि इसे नव वर्ष के दिन नोटो प्रायद्वीप में आए भूकंप के दौरान फ़िल्माया गया था (आर्काइव्ड लिंक). 7.5 तीव्रता का यह भूकंप एक दशक से अधिक समय में जापान का सबसे घातक भूकंप था, जिसमें लगभग 470 लोगों की जान गई थी.

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और एमबीएस न्यूज़ के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

गूगल पर कीवर्ड सर्च करने पर पता चला कि यही क्लिप 6 जनवरी, 2024 को एक X यूज़र द्वारा शेयर की गई थी, जिसमें उसने भूकंप के दौरान अपने परिवार के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने का अपना अनुभव बताया था (आर्काइव्ड लिंक).

यह फ़ुटेज जापान के पश्चिमी तट पर स्थित इशिकावा प्रांत के अनामिज़ू शहर के एक चौराहे की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से मेल खाती है (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी की स्क्रीनशॉट तुलना, जिसमें एएफ़पी द्वारा समान इमारतों को हाइलाइट किया गया है

2025 की सुनामी लहरें

दूसरी वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही क्लिप 30 जुलाई, 2025 को फ़ेसबुक पर पोस्ट की गई मिली (आर्काइव्ड लिंक).

इसके कैप्शन में लिखा है कि वीडियो रूस में आए भूकंप से उत्पन्न सुनामी लहरों को दिखाता है.

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और जुलाई 2025 की फ़ेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट की तुलना, जिसमें एएफ़पी द्वारा समानताओं को हाइलाईट किया गया है

इसी तरह की एक क्लिप एपी न्यूज़ एजेंसी द्वारा प्रकाशित की गई थी, जिसके कैप्शन में कहा गया है कि रूस के सुदूर पूर्व में आए 8.8 तीव्रता के भूकंप से जापान में सुनामी लहरें उत्पन्न हो गईं और प्रशांत क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई (आर्काइव्ड लिंक). क्लिप के ऊपर लिखा है कि इसे जापान के इबाराकी प्रांत में फ़िल्माया गया था.

एएफ़पी के अनुसार लगभग 20 लाख लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया था और सबसे ऊंची लहर 1.3 मीटर (4.3 फीट) दर्ज की गई थी (आर्काइव्ड लिंक).

यह वीडियो इबाराकी प्रांत के ओराई शहर की गूगल अर्थ सैटलाइट इमेजरी से मेल खाती है, जो कुजी से लगभग 450 किलोमीटर (279 मील) दक्षिण में स्थित है -- जहां 20 अप्रैल, 2026 को 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहर दर्ज की गई थी (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और गूगल अर्थ सैटेलाइट इमेजरी की स्क्रीनशॉट तुलना

2011 जापान भूकंप और सुनामी

सुनामी की लहरों से जलमग्न सड़क के वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही फ़ुटेज जापान के ऑल-निप्पॉन न्यूज़ नेटवर्क द्वारा 17 जनवरी, 2020 को यूट्यूब पर शेयर किया गया मिला (आर्काइव्ड लिंक).

रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 मार्च, 2011 को सुनामी ने केसेनुमा शहर को कैसे प्रभावित किया था. 9.0 तीव्रता के भूकंप से पैदा हुई सुनामी जापान के इतिहास की सबसे घातक प्राकृतिक आपदाओं में से एक थी, जिसके परिणामस्वरूप 18,000 से अधिक लोगों की मौत हुई (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

Image
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो (बाएं) और जनवरी 2020 के यूट्यूब वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना, जिसमें एएफ़पी द्वारा संबंधित तत्वों को हाइलाइट किया गया है

यह वीडियो जुलाई 2011 में केसेनुमा से ली गई गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से मेल खाता है (आर्काइव्ड लिंक). यह शहर कुजी से लगभग 140 किलोमीटर (86 मील) दक्षिण में स्थित है.

Image
जुलाई 2011 की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी का स्क्रीनशॉट

प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट में अक्सर पुराने फ़ुटेज शेयर किए जाते हैं. एएफ़पी ने पहले भी ऐसे फ़र्ज़ी दावों को फ़ैक्ट चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें