न्यूयॉर्क में बिल्डिंग में लगी भयानक आग का वीडियो गलत दावे से मध्य-पूर्व युद्ध से जोड़कर वायरल
- प्रकाशित 24 अप्रैल 2026, 12h38
- 3 मिनट
- द्वारा Devesh MISHRA, एफप भारत
इज़रायल और ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह के बीच मध्य अप्रैल में घोषित संघर्षविराम के बावजूद लेबनान में छिटपुट हिंसा जारी है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल बहुमंजिला इमारत में लगी आग की फ़ुटेज का इस संघर्ष से कोई संबंध नहीं है. सोशल मीडिया पोस्ट्स में वीडियो को इस दावे से शेयर किया गया है कि यह इज़रायली सेना के मुख्यालय पर हिज़्बुल्लाह के हमले को दिखाता है. जबकि यह दृश्य न्यूयॉर्क शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग का है.
वीडियो को 15 अप्रैल को एक X पोस्ट में शेयर किया गया है जिसका कैप्शन है, "अभी अभी खबर मिली है हिज़्बुल्लाह ने इज़राइली सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया, जो अभी भी जल रहा है और उस पर काबू नहीं पाया जा सका है. जिसमें कई इजरायली सैनिक मौके पर ही मारे जाने की खबर है. रिपोर्ट के अनुसार, कई सैनिक फंसे हुए हैं। इस फुटेज में यह स्पष्ट रूप से दिखाया गया है."
पोस्ट के साथ शेयर किये गए वीडियो में एक बहुमंज़िला इमारत में भीषण आग लगी दिखाई देती है जिसपर दमकलकर्मी काबू पाने की कोशिश करते नज़र आ रहे हैं.
ईरान समर्थित उग्रवादी समूह हिज़्बुल्लाह के 2 मार्च को ईरान के समर्थन में मध्य पूर्व युद्ध में शामिल होने के बाद इज़रायल ने लेबनान भर में बड़े पैमाने पर हमले किए और दक्षिणी लेबनान में ज़मीनी कार्रवाई की (आर्काइव्ड लिंक).
लेबनानी अधिकारियों का कहना है कि युद्ध शुरू होने के बाद से इज़रायली हमलों में अब तक 2,450 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.
हिज़्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इज़रायल के सीमावर्ती इलाकों में इज़रायली सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन और रॉकेट हमले किए.
इज़रायली सैनिक 17 अप्रैल से लागू संघर्षविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान में अभी भी सक्रिय हैं. इज़रायल के रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज़ ने कहा है कि अगर किसी तरह का ख़तरा हुआ तो सेना "पूरी ताक़त" से जवाब देगी. वहीं हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि किसी भी इज़रायली उल्लंघन की स्थिति में वह "उंगली ट्रिगर पर" रखे हुए है (आर्काइव्ड लिंक).
जलती हुई इमारत का यह वीडियो X और इंस्टाग्राम पर भी इसी दावे से शेयर किया गया, लेकिन किसी हमले के बाद इज़रायली सेना के मुख्यालय के जलने की कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं है.
वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर इसका एक बेहतर संस्करण इंस्टाग्राम अकाउंट "FDNY response video" पर 12 अप्रैल 2026 को पोस्ट किया हुआ मिला (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट का कैप्शन है, "इस समय -- 22वीं स्ट्रीट और 7वीं एवेन्यू पर 216 सेवेंथ एवेन्यू में फ़ायर अलार्म."
एएफ़पी ने इस अकाउंट के ओनर से संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल सका है.
आगे की पड़ताल में यह भी सामने आया कि आग से जुड़ी तस्वीरें 13 अप्रैल 2026 को न्यूयॉर्क सिटी अग्निशमन विभाग (FDNY) के आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट की गई थीं (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट में कहा गया है कि इस घटना में किसी भी आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि दो दमकलकर्मियों को मामूली चोटें आई थीं.
पोस्ट के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
पोस्ट में बताए गए स्थान के आधार पर, एएफ़पी ने गूगल मैप्स की स्ट्रीट इमेजरी में दिखने वाली इमारतों की तुलना कर पुष्टि की है कि यह वीडियो न्यूयॉर्क सिटी में ही फ़िल्माया गया था (आर्काइव लिंक).
मध्य पूर्व युद्ध से जुड़ी अन्य भ्रामक और गलत सूचनाओं को एएफ़पी ने यहां फ़ैक्ट-चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.