दक्षिण कोरिया में लगी आग का वीडियो ईरान युद्ध से जोड़कर शेयर किया गया
- प्रकाशित 22 जुलाई 2026, 14h29
- 2 मिनट
- द्वारा Vishesh SINGH, AFP भारत
होर्मुज़ स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जंग अब भी जारी है लेकिन जलती हुई इमारत से उठते धुएं का एक वायरल वीडियो इस लड़ाई से सम्बंधित नहीं है, जैसा कि दावा किया जा रहा है. यह वीडियो नवंबर 2025 में दक्षिण कोरिया के एक लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस में लगी आग का है.
जुलाई 14, 2026 को टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार ने इंस्टाग्राम पर एक क्लिप पोस्ट की, जिस पर अंग्रेज़ी में लिखा है: "ईरान ने खाड़ी में मौजूद अमेरिकी बेस पर पैट्रियट एयर डिफ़ेंस, फ़्यूल टैंक और रडार को पूरी तरह से नष्ट कर दिया."
क्लिप में आग की लपटों से घिरी एक इमारत से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है.
वीडियो समान दावों के साथ इंस्टाग्राम और फ़ेसबुक पर ऐसे समय में शेयर किया गया अमेरिकी सेना ने ईरान पर फिर से हमला बोला, जिसमें पुल और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर मुख्य रूप से निशाने पर थे.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने बहरीन में अमेरिकी फ़िफ़्थ फ़्लीट और खाड़ी में मौजूद अन्य अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया (आर्काइव्ड लिंक).
जून 2026 में अमेरिका और ईरान के बीच जंग को खत्म करने के मकसद से एक शुरुआती संधि पर सहमति हुई थी लेकिन जुलाई में होर्मुज़ पर नियंत्रण को लेकर यह लड़ाई फिर से शुरू हो गई (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, यह क्लिप अमेरिका-ईरान युद्ध से संबंधित नहीं है और असल में इसे दक्षिण कोरिया में फ़िल्माया गया है.
वीडियो के कीफ़्रेम्स का उपयोग करके गूगल पर रिवर्स इमेज और कीवर्ड सर्च करने पर वही वीडियो 15 नवंबर, 2025 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया मिला (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट के कोरियाई कैप्शन के अनुसार ये दक्षिण कोरिया के एक रिटेल लॉजिस्टिक्स सेंटर में लगी आग को दिखाता है.
इसी क्लिप को मीडिया आउटलेट 'चैनल न्यूज़ एशिया' की 17 नवंबर की एक रिपोर्ट में देखा जा सकता है, जहां इसे दक्षिण कोरिया के चुंगचेओंग प्रांत में एक लॉजिस्टिक्स फ़ैसिलिटी में लगी आग के दूसरे वीडियो के साथ शामिल किया गया है (आर्काइव्ड लिंक).
रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण कोरिया के एक रिटेल हब -- ई-लैंड फ़ैशन लॉजिस्टिक्स सेंटर -- में लगी आग पर काबू पाने में नौ घंटे लगे; इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी (आर्काइव्ड लिंक).
गोदाम में भारी मात्रा में कपड़े, जूते और आसानी से आग पकड़ने वाला अन्य सामान मौजूद था.
ओरिजिनल वीडियो में लॉजिस्टिक्स सेंटर का नाम दिख रहा है और यह साउथ चुंगचेओंग प्रांत के चेओनान शहर में मौजूद बिल्डिंग की 'नेवर मैप्स' (Naver Maps) स्ट्रीट इमेज से मेल खाता है (आर्काइव्ड लिंक)
AFP ने पहले भी ईरान युद्ध से जुड़े दूसरे कई गलत दावों को फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.