सुनीता विलियम्स और तमिलनाडु सीएम विजय के पुराने वीडियो गलत दावे से CJP प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किये गए
- प्रकाशित 22 जुलाई 2026, 14h46
- 5 मिनट
- द्वारा Akshita KUMARI, AFP भारत
जुलाई 2026 के आखिर में नई दिल्ली में पैरोडी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध-प्रदर्शन में भारी भीड़ जुटी जिसमें विपक्ष के कई नेता, एक्टिविस्ट्स और मशहूर हस्तियां भी शामिल हुईं. लेकिन सोशल मीडिया पर किए जा रहे ये दावे गलत हैं कि इनमें पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय भी शामिल हुए थे. हालांकि, शेयर किए गए क्लिप्स नई दिल्ली के जंतर मंतर में हुए प्रदर्शनों से पहले के हैं.
फ़ेसबुक पर 19 जुलाई को शेयर किए गए पोस्ट में लिखा है, "भारतीय मूल की महान अमेरिकी वैज्ञानिक सुनीता विलियम्स जंतर मंतर पर आंदोलन को समर्थन करने पहुंची."
इस पोस्ट में 14 सेकंड का एक क्लिप है जिसमें विलियम्स लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच घिरी दिख रही हैं.
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स नासा के साथ लगभग तीन दशकों का शानदार करियर बिताने के बाद दिसंबर 2025 में रिटायर हो गईं (आर्काइव्ड लिंक).
सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम और X पर भारतीय अभिनेता से राजनेता बने विजय का भारी भीड़ के बीच से गुज़रते हुए वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें दावा किया गया कि वे नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचे थे.
तीनो वीडियो फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और X पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर किए गए हैं. इनमें कुछ यूज़र्स के कमेंट्स से पता चलता है कि उन्होंने दावों पर यकीन कर लिया है.
नई दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग करते हुए 20 जुलाई को संसद तक मार्च करने की घोषणा की थी (आर्काइव्ड लिंक).
संसद मार्ग पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे भारी भगदड़ मच गई.
युवाओं और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को अचानक 18 जुलाई को ज़बरदस्ती अस्पताल ले जाया गया.
कई राजनेताओं और मशहूर हस्तियों ने विरोध-प्रदर्शन के लिए अपना समर्थन दिखाया है (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, ऑनलाइन शेयर किए गए फ़ुटेज का इससे कोई लेना-देना नहीं है -- दोनों क्लिप CJP विरोध-प्रदर्शनों से कई महीने पहले के हैं.
साथ ही AFP को विलियम्स या विजय के विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने की कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली.
जनवरी का फ़ुटेज
गलत दावे से शेयर किए गए पहले वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही फ़ुटेज मिला जो 23 जनवरी को इंस्टाग्राम पोस्ट में शेयर किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).
कैप्शन में लिखा है, "सुनीता विलियम्स एक बहादुर और प्रेरणादायक अंतरिक्ष यात्री हैं, जिन्होंने दुनिया को दिखाया कि कुछ भी असंभव नहीं."
पोस्ट में हैशटैग 'klf' शामिल है, जो केरल साहित्य महोत्सव का ज़िक्र करता है.
क्लिप में विलियम्स ने KLF लिखा हुआ एक आइडेंटिटी कार्ड भी पहना हुआ है, जैसा कि X पर शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है (आर्काइव्ड लिंक).
विलियम्स नासा से रिटायर होने के बाद एक दशक से भी अधिक समय के अंतराल पर भारत आई और कोझिकोड में हो रहें केरल साहित्य महोत्सव में शामिल हुईं (आर्काइव्ड लिंक).
कई मीडिया संसथान ने विलियम्स की मौजूदगी को कवर किया; तस्वीरों में उन्हें ऐसे कपड़ों में देखा गया जो ऑनलाइन वायरल फ़ुटेज से मेल खाते हैं (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
विलियम्स ने 22 जनवरी 2026 को कोझिकोड बीच (कालीकट) पर चार दिवसीय केरल साहित्य महोत्सव (KLF) के नौवें संस्करण का उद्घाटन किया और कई इंटरैक्टिव सत्रों में हिस्सा लिया.
AFP ने टिप्पणी के लिए विलियम्स से संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
विजय के पुराने क्लिप्स
दूसरे वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च से 4 मई को पोस्ट की गयी एक इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई (आर्काइव्ड लिंक).
कैप्शन में लिखा है: "हमेशा से फ़ैन गर्ल रही हूं, CM अंकल @actorvijay."
समाचार एजेंसी ANI ने भी उसी दिन X पर मिलता-जुलता वीडियो पोस्ट किया, जिसका कैप्शन था, "तमिलनाडु | TVK प्रमुख विजय चेन्नई में अपने माता-पिता के घर पहुंचे" (आर्काइव्ड लिंक).
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) की ऐतिहासिक जीत के बाद यह फ़ुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां और यहां).
विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जब उनकी दो साल पुरानी पार्टी ने तमिलनाडु में गठबंधन सरकार बनाई (आर्काइव्ड लिंक).
विजय के दूसरे वीडियो को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर एक क्लिप मिली, जिसे स्थानीय प्रसारक पुथिया थलाइमुराई टीवी के एक संवाददाता ने 13 जुलाई को इंस्टाग्राम पर शेयर किया था (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट का तमिल कैप्शन है, "पेरम्बूर में, एक मोबाइल फ़ोन उनकी ओर उड़कर आया; मुख्यमंत्री विजय ने निर्देश दिया कि फ़ोन उसके असली मालिक को सौंप दिया जाए."
पत्रकार वीरकुमार ने 21 जुलाई को AFP को पुष्टि की कि उन्होंने यह फ़ुटेज आठ दिन पहले तब लिया था, जब विजय चेन्नई शहर के पेरंबूर इलाके में अपने नए रूप में तैयार निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय और ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन करने गए थे.
कई अन्य समाचार संगठनों ने उस दिन मुख्यमंत्री के दौरे को रिपोर्ट किया था, जब उनके द्वारा राशन कार्ड वितरण और स्थानीय बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया गया था (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
रिपोर्ट्स में दिखाए गए वीडियो और फ़ुटेज, सोशल मीडिया पर शेयर की गई गलत पोस्ट में दिखाए गए वीडियो जैसे ही हैं; इनमें विजय ने वही कपड़े पहने हैं (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने पहले भी CJP से जुड़े अन्य गलत दावों को फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.