बारह साल पुराना वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन का बताकर वायरल
- प्रकाशित 14 जुलाई 2026, 17h01
- 3 मिनट
- द्वारा Sachin BAGHEL, AFP भारत
शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में अब तक हज़ारों लोग शामिल हुए हैं. इसी बीच एक-दूसरे को चूमते कुछ युवक-युवतियों के क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया गया कि इसे जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान रात के वक़्त फ़िल्माया गया है. हालांकि वीडियो 2014 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में आयोजित एक अलग प्रदर्शन का है. इसे रिकॉर्ड करने वाले फ़ोटोग्राफ़र ने AFP से इसकी पुष्टि भी की है.
जुलाई 1, 2026 को X पर शेयर की गई एक पोस्ट का कैप्शन, "रात 2 बजे जंतर मंतर...कॉकरोच प्रोटेस्ट अपने पीक पर होता है."
करीब एक मिनट के इस वीडियो में कुछ लोग भीड़ के केंद्र में आकर एक-दूसरे को किस करते हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई देते हैं.
यह वही X अकाउंट है, जिसकी कई भ्रामक पोस्ट्स का AFP पहले भी फ़ैक्ट चेक कर चुका है.
वीडियो ऐसे समय वायरल हो रहा है जब कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन में शामिल प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे हैं (आर्काइव्ड लिंक).
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में इसके संस्थापक अभिजीत दिपके की एक X पोस्ट से हुई थी. अब पार्टी के इंस्टाग्राम पर करीब 2.2 करोड़ फ़ॉलोवर्स हैं, जो बीजेपी के इंस्टाग्राम फ़ॉलोवर्स से भी अधिक हैं. दिपके का कहना है कि यह आंदोलन छात्रों के गुस्से, परीक्षा में धांधली और संस्थाओं के प्रति बढ़ते असंतोष जैसे मुद्दों पर जारी रहेगा.
वायरल वीडियो फ़ेसबुक और X पर भी इसी दावे के साथ शेयर किया गया, लेकिन यह 2014 में हुए एक अलग छात्र प्रदर्शन का है.
वीडियो के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर AFP को 12 नवंबर, 2014 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया इसका लंबा वर्ज़न मिला (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो का शीर्षक था "Kiss of Love Festival JNU", जिससे पता चलता है कि यह नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से सम्बंधित है (आर्काइव्ड लिंक).
आगे कीवर्ड सर्च करने पर यही वीडियो 19 नवंबर, 2014 को "Kiss of Love" नाम के फ़ेसबुक पेज पर भी मिला. पोस्ट में वीडियो का श्रेय इजास मुहम्मद को दिया गया है (आर्काइव्ड लिंक).
यह फ़ेसबुक पेज खुद को "मोरल पुलिसिंग के खिलाफ़ अहिंसक आंदोलन" बताता है, जिसकी शुरुआत केरल से हुई थी और बाद में यह देश के अन्य हिस्सों में भी फैला.
AFP ने फ़ोटोग्राफ़र इजास मुहम्मद से संपर्क किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो नवंबर 2014 में जेएनयू परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किया गया था.
ब्रिटिश समाचार संस्था बीबीसी ने भी 12 नवंबर, 2014 को एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते दृश्य हैं (आर्काइव्ड लिंक).
यह कार्यक्रम उस समय आयोजित किया गया था, जब एक टीवी रिपोर्ट में केरल के एक कैफ़े में युगल जोड़ों को किस करते हुए दिखाए जाने के बाद बीजेपी की छात्र शाखा के कुछ सदस्यों ने कैफ़े में तोड़फोड़ की थी. इसके विरोध में "किस ऑफ़ लव" आंदोलन शुरू हुआ.
बाद में यह आंदोलन देश के कई हिस्सों में फैल गया और कोलकाता, हैदराबाद तथा दिल्ली के विश्वविद्यालयों के छात्रों ने भी एकजुटता दिखाने के लिए ऐसे प्रदर्शन आयोजित किए.
AFP पहले भी कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े कई भ्रामक दावों को फ़ैक्ट चेक कर चुका है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.