पश्चिम बंगाल में 2022 के नगरपालिका चुनाव का पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल

पश्चिम बंगाल में अप्रैल 2026 में होने वाले स्थानीय चुनावों से पहले सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो इस गलत दावे से शेयर किया जा रहा है कि इसमें ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की एक नेत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने वालों को धमाकाती नज़र आ रही है. हालांकि असल में यह वीडियो 2022 में बनाया गया था. वीडियो में दिखाई देने वाली महिला ने एएफ़पी को बताया कि उस समय वह भाजपा की सदस्या थी. उसने यह भी कहा कि वह इस बात से नाराज़ थी कि पार्टी ने उन्हें नगर निगम चुनाव लड़ने का टिकट नहीं दिया था.

वीडियो को 18 अप्रैल को एक X पोस्ट में शेयर किया गया जिसका कैप्शन है, "टीएमसी महिला नेत्री ने एक इलाके के निवासियों को चेतावनी दी कि अगर एक भी वोट बीजेपी को गया या किसी ने बीजेपी का झंडा लगाया तो वह सब कुछ आग के हवाले कर देगी".

वीडियो के ऊपर बांग्ला में लिखा है, "अगर एक भी वोट BJP को गया, तो मैं सब कुछ जला दूंगी. उसकी चेतावनी सुनिए."

वीडियो में एक महिला बांग्ला में कहते हुए दिखाई देती है, "यहां एक भी BJP का झंडा नहीं बंधना चाहिए. कोई भी मौसमी को वोट नहीं देगा." वह मौसमी दास का ज़िक्र कर रही थी, जो 2022 में हुए एक राज्य नगर निगम चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार थीं.

महिला आगे कहती है, "अगर मौसमी को एक भी वोट पड़ा, तो BJP को वोट देने वालों के घर मैं जला दूंगी. मैं यह वादा करती हूं."

Image
गलत दावे से शेयर की गई X पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X साइन जोड़ा गया है

वीडियो राज्य में होने वाले चुनावों से पहले फ़ेसबुक पर भी इसी तरह के दावे के साथ शेयर किया गया. विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हुए थे और चुनावों के नतीजे 4 मई को आये जिसमे भाजपा को बहुमत मिला (आर्काइव्ड लिंक).

पश्चिम बंगाल में अब तक भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में थी.

प्रदेश में चुनावी हिंसा का लंबा इतिहास रहा है. इसी को देखते हुए केन्द्र सरकार ने किसी भी तरह की झड़प को रोकने के लिए इस बार अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती भी की थी (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

हालांंकि, इस वीडियो का 2026 के राज्य चुनावों से कोई संबंध नहीं है.

2022 के चुनाव

वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर इस वीडियो का एक लंबा संस्करण मिला जिसे 8 फ़रवरी 2022 को बांग्ला समाचार चैनल ABP आनंदा के यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो का अंग्रेज़ी-बांग्ला कैप्शन है, "BJP नेता का विरोध प्रदर्शन: 'अगर आपने BJP उम्मीदवार को वोट दिया, तो मैं आपके घर में घुसकर मारूंगी' यह धमकी खुद एक BJP नेता ने दी!"

गलत दावे वाले वीडियो का सीन ABP आनंदा के यूट्यूब वीडियो में 0:22 सेकंड और एक मिनट के मार्क पर साफ़ देखा जा सकता है.

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट (बायें) और एबीपी आनंदा के यूट्यूब वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में दिख रही महिला का नाम बेबी कोली है. उसने दावा किया था कि 2022 में पश्चिम बंगाल के स्थानीय चुनाव में वह खड़गपुर नगरपालिका से भाजपा की उम्मीदवार बनने वाली थी, लेकिन अंत में पार्टी ने उस चुनाव में मौसमी दास को उम्मीदवार घोषित कर दिया था (आर्काइव्ड लिंक).

ABP आनंदा के वीडियो में दस सेकंड के मार्क पर बेबी कोली को एक बंगाली भाषा का बैनर फाड़ते देखा जा सकता है जिस पर लिखा है, "मौसमी दास को वोट दें, वार्ड 10, खड़गपुर नगरपालिका चुनाव".

अन्य न्यूज़ वेबसाइट्स ने भी 2022 में ऐसे वीडियो प्रकाशित किए थे, जिनमें गलत दावे वाले वीडियो का यही दृश्य दिखाई देता है (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

नगरपालिका चुनाव

बेबी कोली ने 28 अप्रैल को फ़ोन पर एएफ़पी को बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिला वही हैं. उन्होंने कहा कि वह कई सालों तक भाजपा के लिए काम करती रहीं, लेकिन 2022 के चुनाव में टिकट न मिलने के बाद उन्होंने पार्टी का विरोध किया.

उन्होंने कहा, "मैंने लंबे समय तक भाजपा की सेवा की, लेकिन जब चुनाव आया तो पार्टी ने मुझे उम्मीदवार नहीं बनाया. इसके बजाय, पैसे लेकर किसी और को टिकट दे दिया गया. यही वजह है कि मैंने भाजपा उम्मीदवार का विरोध किया था."

एएफ़पी ने इस मामले में भाजपा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

बेबी कोली ने आगे कहा कि अब वह टीएमसी से जुड़ी हुई हैं, जबकि स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि 2025 में एक स्थानीय राजनेता पर हमला करने के आरोप में उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था (आर्काइव्ड लिंक).

पश्चिम बंगाल पुलिस ने भी 18 अप्रैल को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर इस गलत दावे का खंडन किया है (आर्काइव्ड लिंक).

एएफ़पी ने पहले भी पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़ी फ़ेक न्यूज़  का फ़ैक्ट-चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें