चीन में हालिया खदान हादसे के दावे से शेयर किया गया वीडियो पुरानी दुर्घटना का है
- प्रकाशित 2 जून 2026, 15h46
- 2 मिनट
- द्वारा Devesh MISHRA, Livia LIU, एफप भारत, एफप हॉन्ग कॉन्ग
चीन के उत्तरी शांक्सी प्रांत में 23 मई 2026 को एक खदान विस्फोट में कम से कम 82 मज़दूर मारे गए, लेकिन ऑनलाइन शेयर हो रहा एक वीडियो जिसमें एक गहरी खुली हुई खदान ढहते हुए कई ट्रकों को नीचे दबा देती है, इस आपदा का नहीं है. यह क्लिप 2023 की न्यूज़ रिपोर्ट्स में चीन के इनर मंगोलिया क्षेत्र में एक अन्य कोयला खदान आपदा के दावे से प्रकाशित किया गया है.
फ़ेसबुक पर 23 मई 2026 को शेयर किये गये वीडियो का कैप्शन है, "आज चीन के शांक्सी प्रांत में एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई बहुत ही भयानक मंजर हें."
वीडियो में एक खुली खदान में अचानक धंसाव दिखाई देता है, जिससे कई ट्रक टनों मिट्टी के नीचे दब जाते हैं.
उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत में 22 मई को एक कोयला खदान विस्फोट हो गया. यह देश की 17 वर्षों में सबसे भीषण खनन आपदा थी, जिसमें कम से कम 82 मज़दूर मारे गए, इसके बाद ही यह फ़ुटेज समान दावों के साथ फ़ेसबुक और X पोस्ट में शेयर किया गया (आर्काइव्ड लिंक).
विस्फोट उस समय हुआ जब लियुशेन्यू कोयला खदान में 247 मज़दूर भूमिगत थे. अधिकारियों ने कहा कि संबंधित कंपनी ने "गंभीर" उल्लंघन किए थे, जिसमें खदान शाफ्ट के नीचे विषैली गैसें सुरक्षित सीमा से अधिक थीं और किसी भी गंभीर आपदा का जोखिम पैदा कर रही थीं.
घटना के बाद, 128 घायल मज़दूरों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि बचाव दलों ने दो लापता खनिकों का पता लगाने के लिए गहन अभियान शुरू किया.
लेकिन ऑनलाइन शेयर हो रहा यह फ़ुटेज इस आपदा का नहीं है -- यह चीन के इनर मंगोलिया क्षेत्र में हुए एक अन्य खदान हादसे के दौरान लिया गया था.
वीडियो के एक कीफ़्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर चीनी राज्य मीडिया एजेंसी CCTV+ द्वारा यूट्यूब पर 23 फ़रवरी 2023 को अपलोड की गई लंबी फ़ुटेज मिली (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो की हेडलाइन है: "इनर मंगोलिया में कोयला खदान धंसाव को सिक्योरिटी कैमरे ने कैद किया."
चीन की राज्य समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने भी रिपोर्ट किया कि इनर मंगोलिया में एक ओपन-पिट कोयला खदान में भूस्खलन के बाद 53 लोगों की मृत्यु हो गई और छह लोग घायल हो गए (आर्काइव्ड लिंक).
शिन्हुआ ने भूस्खलन वाली जगह से तस्वीरें भी प्रकाशित की जो शेयर हो रहे फ़ुटेज से मिलती-जुलती हैं (आर्काइव्ड लिंक).
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.