फ़िलीपींस में महीनों पुराने भूकंप का वीडियो हालिया बताकर शेयर किया गया
- प्रकाशित 22 जून 2026, 13h15
- 2 मिनट
- द्वारा Harshana SILVA, एफप श्रीलंका
- अनुवाद और अनुकूलन Akshita KUMARI
दक्षिणी फ़िलीपींस में 8 जून, 2026 को 7.8 तीव्रता का भूकंप आने के बाद, तूफ़ानी लहरों का एक वीडियो सामने आया जिसे हालिया घटना का बताया गया. लेकिन क्लिप जून में आई आपदा के दौरान नहीं फ़िल्माई गई है. असल में यह वीडियो नवंबर 2025 को उत्तरी फ़िलीपींस के दिनापिगुए शहर में रिकॉर्ड किया गया था.
फ़ेसबुक पर 9 जून 2026 को शेयर की गई एक पोस्ट का कैप्शन है, "M8.2 भूकंप के बाद फिलीपींस में सुनामी की पहली डरावनी तस्वीरें सामने आईं! Palawan तट से टकराईं शक्तिशाली लहरें, वीडियो देख दहल उठे लोग."
वीडियो के ऊपर लिखा है, "फिलीपींस में सुनामी का कहर!"
पोस्ट में शेयर किए गए वीडियो में विशाल लहरें किनारे से टकराते हुए देखी जा सकती है, जिससे कुछ घरों में पानी भर गया है.
यह वीडियो समान दावों के साथ फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और X पर भी शेयर किया गया.
दक्षिणी फ़िलीपींस में 8 जून को आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद पूरे इलाके में जारी की गई सुनामी की चेतावनी के बाद यह वीडियो वायरल हुआ (आर्काइव्ड लिंक).
इस भूकंप में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई, हज़ारों लोग बेघर हो गए और 450 से ज़्यादा लोग घायल हो गए (आर्काइव्ड लिंक).
पसिफ़िक सुनामी वार्निंग सेंटर ने फ़िलीपींस, इंडोनेशिया, पलाऊ, ताइवान और पापुआ न्यू गिनी के तटों पर संभावित सुनामी की चेतावनी दी थी (आर्काइव्ड लिंक).
लेकिन गलत दावे से शेयर हो रहा वीडियो जून 2026 में आए भूकंप से पहले का है.
पुराना वीडियो
गलत दावे के वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने से पता चला कि यही वीडियो 9 नवंबर, 2025 को फ़िलीपीन न्यूज़ एजेंसी के वेरिफ़ाइड फ़ेसबुक पेज पर शेयर किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).
कैप्शन में लिखा है, "उवान आ रहा है. रविवार (9 नवंबर, 2025) को दिनापिगुए, इसाबेला के तट पर तेज़ लहरें टकराईं, क्योंकि सुपर टायफ़ून उवान (फंग-वोंग) लुज़ोन के ज़मीनी इलाके की ओर बढ़ रहा था."
सुपर टायफ़ून फंग-वोंग, जिसका स्थानीय नाम उवान है, 9 नवंबर को फ़िलीपींस के लुज़ोन द्वीप के अरोरा प्रांत से टकराया था, जिससे सैकड़ों गांवों में बाढ़ आ गई और कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
यह कुछ ही दिनों में आया दूसरा बड़ा तूफ़ान था; इससे पहले टायफ़ून कल्माएगी आया था, जिसमें 232 लोगों की मौत हो गई थी.
फ़िलीपीन न्यूज़ एजेंसी के अनुसार यह वीडियो "Princess Joeuana Dugo Ramos" नाम के एक यूज़र का है जिसके नाम का उपयोग कर कीवर्ड सर्च करने पर 9 नवंबर को फ़ेसबुक पर पोस्ट किया गया ओरिजिनल वीडियो मिला (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो में दिख रहे घर, उत्तरी फ़िलीपींस की दिनापिगुए म्युनिसिपैलिटी के एक तटीय शहर की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से मेल खाते हैं (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
AFP ने फ़िलीपींस में आए भूकंपों से जुड़ी गलत जानकारी को फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.