ढाका में बांग्लादेशी पुलिस बल के ड्यूटी पर लौटने के बाद, एक पुलिसकर्मी सड़क के चौराहे पर ट्रैफ़िक को नियंत्रित कर रहा है (AFP / Indranil MUKHERJEE)

बांग्लादेश का वीडियो इस्लामोफ़ोबिक दावे के साथ भारत से जोड़कर वायरल

बांग्लादेश में अपनी पत्नी के हमले से घायल खून से लथपथ एक व्यक्ति का ग्राफ़िक वीडियो इस गलत दावे से सोशल मीडिया पोस्ट्स में शेयर किया जा रहा है कि ये केरल के एक मुस्लिम व्यक्ति को दिखाता है, जिसके जननांग उसकी बेटियों ने यौन शोषण से बचने के लिए काट दिए थे. वायरल क्लिप को एडिट कर उस फ़ुटेज से बनाया गया है, जिसका इस्तेमाल बांग्लादेशी समाचार रिपोर्ट्स में पहले भी किया गया था. स्थानीय पुलिस ने AFP को बताया कि आरोपी महिला को गिरफ़्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़ित अस्पताल में इलाज करा रहा है. 

चेतावनी: ग्राफ़िक भाषा और दृश्य सामग्री

वीडियो को फ़ेसबुक पर 30 जून को शेयर किया गया, जिसका कैप्शन है, "अब्दुल अपनी 3 बेटियों के साथ अक्सर रेप करता था. इस बार वह अपनी चौथी, 6.5 साल की बेटी के साथ रेप करने की कोशिश कर रहा था - लेकिन उसकी तीनों बड़ी बेटियों ने उसका लिंग पार्ट काट दिया."

पोस्ट में आगे कहा गया है, "यह घटना केरल में हुई. अब आप इनके धर्म का अंदाजा लगा सकते हैं. ये लोग दुनिया के लिए खतरा हैं." पोस्ट में "इस्लाम", "केरल" और "कल्ट" जैसे हैशटैग भी शामिल हैं.

पोस्ट के साथ शेयर किए गए वीडियो, जिसे 1.1 लाख से अधिक बार देखा गया, में एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में अपने गुप्तांगों को ढकने की कोशिश करता हुआ घर से बाहर भागता दिखाई देता है. 

देखें छिपाएं

चेतावनी

Image
गलत दावे से शेयर की गई फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें AFP द्वारा लाल X जोड़ा गया है

वीडियो को इसी तरह के दावों के साथ फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया गया है.

हालांकि, केरल में ऐसी किसी घटना की पुष्टि करती कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है.

वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर इसका लम्बा वर्ज़न मिला जिसे 29 जून को बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट न्यूज़21 ने अपने आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर प्रकाशित किया था (आर्काइव्ड लिंक).

वायरल वीडियो इसी मूल फ़ुटेज को प्रतिबिंबित करता है. 

वीडियो के बांग्ला कैप्शन के अनुसार घटना मध्य बांग्लादेश के फ़रीदपुर ज़िले के भांगा क्षेत्र की है. कैप्शन में कहा गया है कि एक महिला ने कथित तौर पर अपने सोये हुए पति के जननांग काट दिए.

कैप्शन के मुताबिक बाद में स्थानीय लोगों ने बांग्लादेश की आपातकालीन हेल्पलाइन पर संपर्क किया और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया.

देखें छिपाएं

चेतावनी

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बायें) और न्यूज़21 के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी महिला उस व्यक्ति की दूसरी पत्नी थी. उसने कथित तौर पर 29 जून को उस समय हमला किया जब उसका पति सो रहा था (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

रिपोर्ट्स में कहा गया कि दोनों के बीच एक रात पहले बहस हुई थी और पति के अन्य महिलाओं के साथ कथित संबंधों को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

भांगा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मिज़ानुर रहमान ने 13 जुलाई को AFP से कहा: "आरोपी इस समय जेल में है, जबकि पीड़ित राजधानी ढाका के एक अस्पताल में इलाज करवा रहा है."

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें