पेरिस में जश्न का पुराना फ़ुटेज वर्ल्ड कप मैच के बाद हुई हिंसा के दावे से शेयर किया गया
- प्रकाशित 17 जुलाई 2026, 09h59
- 2 मिनट
- द्वारा Vishesh SINGH, AFP भारत
जुलाई 9 को FIFA वर्ल्ड कप में मोरक्को के खिलाफ़ फ़्रांस की क्वार्टर-फ़ाइनल जीत के बाद फ़ुटबॉल फ़ैन्स उत्तेजित थे और जश्न कई जगहों पर हिंसक हो गया, लेकिन सोशल मीडिया पर पेरिस में आगजनी और दंगे के फ़ुटेज के दावे से शेयर किये गए क्लिप्स FIFA से असंबंधित हैं. ये 31 मई, 2026 को पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की UEFA चैंपियंस लीग जीत के बाद फैली अशांति के दौरान फ़िल्माए गए थे.
इंस्टाग्राम पर 10 जुलाई 2026 को शेयर किये गये वीडियो के ऊपर टेक्स्ट है, "फ्रांस की जीत के बाद पेरिस में तनाव, कई इलाकों में हिंसा की खबरें."
पोस्ट में सड़कों पर हिंसा और आगजनी के वीडियो का कोलाज शेयर किया गया है.
पोस्ट का कैप्शन है, "फीफा विश्व कप नॉकआउट मुकाबले में फ्रांस से मोरक्को की हार के बाद पेरिस के कुछ इलाकों में तनाव और हिंसा की खबरें सामने आई हैं."
अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में खेले गए क्वार्टर-फ़ाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर वर्ल्ड कप के सेमी-फ़ाइनल में जगह बनाई जिसके बाद से ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है (आर्काइव्ड लिंक).
इसके बाद हुए जश्न में फ़्रांस में एक युवती की जान चली गयी वहीं लंदन की सड़कों पर अफ़रातफ़री का माहौल रहा.
फ़्रांस ने अपने फ़ुटबॉल फ़ैन्स से ज़िम्मेदार बने रहने की अपील की, क्योंकि इससे पहले बड़े मैचों के दौरान कई बार अशांति फैल चुकी थी (आर्काइव्ड लिंक).
सेंट्रल लंदन में 10 जुलाई की सुबह मैच के बाद ब्रिटिश पुलिस और फ़ुटबॉल फ़ैन्स के बीच झड़प हुई. पुलिस ने इसे "हिंसक उपद्रव" बताया; इस घटना में एक पुलिस अफ़सर घायल हुए और चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया.
क्लिप को समान दावों के साथ इंस्टाग्राम और X पर भी शेयर किया गया.
मगर आगजनी के ये वीडियो फ़्रांस और मोरक्को के बीच हाल ही में हुए मैच से सम्बंधित नहीं हैं.
पुराना फ़ुटेज
कीफ़्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही वीडियो 1 जून, 2026 को अमेरिकी मीडिया आउटलेट वॉल स्ट्रीट जर्नल के इंस्टाग्राम पोस्ट पर शेयर किया हुआ मिला (आर्काइव्ड लिंक).
पेरिस और फ़्रांस के दूसरे शहरों में 30 मई की रात को स्थानीय टीम की जीत के बाद हुई हिंसक झड़पों में शामिल 890 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया.
अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो गई थी (आर्काइव्ड लिंक).
यह क्लिप फ़्रीलांस पत्रकार ल्यूक ऑफ़्रेट की है, जिन्होंने AFP से पुष्टि किया कि उन्होंने PSG की जीत के बाद हुई झड़पों के दौरान 31 मई को इसे शूट किया था.
उन्होंने यह भी कहा कि बाद में इन क्लिप्स को अमेरिकी मीडिया संस्थान 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने सोशल मीडिया इंटेलिजेंस कंपनी 'स्टोरीफ़ुल' के ज़रिए जारी किया.
AFP पहले भी FIFA विश्व कप से जुड़ी गलत सूचनाओं को फ़ैक्ट चेक कर चुका है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.