अभिजीत दिपके का पुराना वीडियो गलत दावे से ऑनलाइन शेयर किया गया

'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री को 25 जुलाई, 2026 को इस्तीफ़ा देना पड़ा; जिसके बाद नई दिल्ली में चल रहें प्रदर्शन ख़त्म हुए. हालांकि, सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को अमेरिका वापस लौटते हुए दिखाने वाला दावा गलत है. असल में वीडियो एक महीने पहले जयपुर के एक हवाई अड्डे पर फ़िल्माया गया था, जहां दिपके एक अन्य प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे.

सोशल मीडिया साइट X पर 27 जुलाई को शेयर किए गए पोस्ट में लिखा है, "अभिजीत दीपके छात्रों को न्याय दिलाकर अमेरिका के लिए निकल गए हैं."

पोस्ट के साथ संलग्न 26 सेकंड के वीडियो में दिपके को अन्य लोगों के साथ एयरपोर्ट पर देखा जा सकता है.

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर AFP द्वारा X साइन जोड़ा गया है

CJP के नेतृत्व में युवाओं के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े के बाद, यही वीडियो फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पोस्ट्स में भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर किया गया (आर्काइव्ड लिंक).

इस पैरोडी पार्टी को बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस ग्रेजुएट 30 साल के अभिजीत दिपके ने मई में ऑनलाइन शुरू किया था, जो अमेरिका में नौकरी की तलाश में थे. पार्टी ने इंस्टाग्राम पर जल्द ही लाखों फ़ॉलोअर्स अर्जित कर लिए (आर्काइव्ड लिंक).

शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति लेने के लिए, कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच दिपके 6 जून को अमेरिका से नई दिल्ली आए (आर्काइव्ड लिंक).

ऑनलाइन आंदोलन फिर सड़कों पर फैला जिसके बाद हज़ारों युवा नई दिल्ली में इकट्ठा हुए और 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च करने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया (आर्काइव्ड लिंक).

इन प्रदर्शनों को देश भर के छात्रों का ज़बरदस्त समर्थन मिला, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई.

25 जुलाई को प्रदर्शन तब वापस लिया गया जब प्रशासन ने CJP की मांगें मान लीं -- जिनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा, NEET परीक्षा लीक के कारण आत्महत्या करने वाले पीड़ित छात्रों के परिवारों को मुआवज़ा और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ़ मामले वापस लेना -- शामिल था (आर्काइव्ड लिंक).

गलत दावे से शेयर किए गए पोस्ट पर लोगों ने CJP फ़ाउंडर दिपके की आलोचना की और कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के बाद वे भारत छोड़कर अमेरिका लौट गए.

एक यूज़र ने कहा, "अभिजीत क्यों भाग गया? उसे रुकना चाहिए था. वो डर कर भाग गया."

लेकिन ऑनलाइन शेयर किया जा रहा वीडियो हाल का नहीं है -- यह कुछ हफ़्ते पहले का है, जब दिपके भारत के शहर जयपुर पहुंचे थे.

पुराना वीडियो

गलत दावे से शेयर किए गए क्लिप के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर 15 जून को फ़ेसबुक पर शेयर किया गया एक वीडियो मिला (आर्काइव्ड लिंक).

इसका कैप्शन है: "कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके विरोध प्रदर्शन के लिए जयपुर पहुंचे."

Image
गलत दावे से शेयर किए गए क्लिप (बाएं) और फ़ेसबुक पर मौजूद वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

यही वीडियो सोशल मीडिया पर और कई पोस्ट में शेयर किया गया, जिसमें दावा किया गया कि यह मध्य जून में विरोध प्रदर्शन के लिए दिपके की जयपुर यात्रा का वीडियो है (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

NDTV राजस्थान की रिपोर्ट के अनुसार दिपके परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ़ प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए जयपुर पहुंचे थे. न्यूज़ वेबसाइट ने उनकी एक तस्वीर प्रकाशित की, जिसमें उन्होंने वही कपड़े पहने थे जो ऑनलाइन शेयर किए गए फ़ुटेज में दिखाई दे रहे थे (आर्काइव्ड लिंक).

सोशल मीडिया पर गलत दावे से शेयर किए जा रहे वीडियो के कुछ हिस्से गूगल मैप्स पर जयपुर एयरपोर्ट की तस्वीरों से भी मेल खाते हैं (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत पोस्ट में दिखाए गए वीडियो (बाएं) और गूगल मैप्स की एक तस्वीर के स्क्रीनशॉट की तुलना, जिसमें AFP ने समान तत्व हाइलाइट किया है

CJP के भविष्य के बारे में, दिपके ने 26 जुलाई को ANI को बताया: "हम जल्द ही आगे की रणनीति की घोषणा करेंगे. यह कल ही खत्म हुआ है; हमें थोड़ा समय दें" (आर्काइव्ड लिंक).

AFP को ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली कि दिपके भारत छोड़कर अमेरिका चले गए है. ANI की हालिया रिपोर्ट के अनुसार 29 जुलाई को दिपके अपने घर महाराष्ट्र पहुंचे थे (आर्काइव्ड लिंक).

AFP ने पहले भी CJP के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी अन्य गलत सूचनाओं को फ़ैक्ट चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें