कनाडा का असंबंधित वीडियो गलत दावे से 'कॉकरोच जनता पार्टी' प्रदर्शन से जोड़ा गया
- प्रकाशित 30 जुलाई 2026, 13h08
- 3 मिनट
- द्वारा Akshita KUMARI, AFP भारत
सोशल मीडिया पर सक्रिय 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की ओर से शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर कई दिनों तक चले विरोध प्रदर्शनों के बाद भारत के शिक्षा मंत्री को इस्तीफ़ा देना पड़ा, लेकिन नई दिल्ली में प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के नाचने का दावा करने वाला एक वीडियो गलत है. AFP ने वीडियो को जियोलोकेट किया और पाया कि यह कनाडा के वैंकूवर में किट्सिलानो बीच का है.
इंस्टाग्राम पर 20 जुलाई, 2026 को शेयर किए गए पोस्ट का कैप्शन है, "कॉकरोचों के स्पेशल जेंडर डांस प्रोटेस्ट के अपार सफलता के बाद है चल छइयाँ छइयाँ चल छइयाँ प्रोटेस्ट … ई तो प्रोटेस्ट के नाम पर ख़ूब मज़ा चल रहा था भई."
प्रदर्शनकारियों का मज़ाक उड़ाते कैप्शन के साथ शेयर की गयी 25 सेकंड की क्लिप में लोगों का एक बड़ा समूह बॉलीवुड के लोकप्रिय गाने "छैया छैया" पर नाचता दिख रहा है.
वीडियो पर ऊपर अंग्रेज़ी में लिखा है: "A sit-down mehfil?"
यह वीडियो समान दावों के साथ फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और X पर तब शेयर की गई जब भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर हज़ारों प्रदर्शनकारी भारतीय राजधानी नई दिल्ली में जमा हुए (आर्काइव्ड लिंक).
CJP के हफ़्तों चले विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रधान ने 25 जुलाई को इस्तीफ़ा दे दिया. इस दौरान, जब प्रदर्शनकारीयों ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया (आर्काइव्ड लिंक).
शिक्षा में सुधार की मांग से शुरू हुआ यह आंदोलन आगे चलकर बेरोज़गारी, युवाओं के लिए अवसरों की कमी और आलोचकों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती सत्तावादी कार्यशैली जैसे मुद्दों तक भी फैल गया (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, ऑनलाइन शेयर किया गया क्लिप नई दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन से संबंधित नहीं है.
कनाडा में इवेंट
गलत दावे से शेयर किए गए क्लिप के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने से एक इंस्टाग्राम वीडियो मिला, जिसे 14 जुलाई, 2026 को शेयर किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो का कैप्शन है: "छैया छैया ने माहौल को बैठे-बैठे देखने वाले अंदाज़ से बदलकर शानदार बना दिया."
पोस्ट के अनुसार, यह इवेंट कनाडा के वैंकूवर में किट्सिलानो बीच पर हुआ था.
यही वीडियो 'वैंकूवर महफ़िल' नाम के इंस्टाग्राम पेज ने भी शेयर किया था. यह एक लोकप्रिय लोकल कम्युनिटी आर्ट्स पहल है जो किट्सिलानो बीच पर आउटडोर ओपन-माइक जैम सेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती है (आर्काइव्ड लिंक).
इस पेज ने उसी इवेंट का एक अलग एंगल से लिया हुआ वीडियो भी शेयर किया है (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने इस पेज से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
ध्यान से जांच करने पर, AFP को वीडियो में एक ऐसी समानता मिली -- बैकग्राउंड में खास खिड़कियों वाला एक घर -- जो किट्सिलानो बीच की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से मेल खाती हैं (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने CJP के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी अन्य गलत दावों को भी यहां, यहां और यहां फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.