टी20 विश्व कप जीत के जश्न का वीडियो बंगाल में भाजपा की जीत के दावे से शेयर किया गया
- प्रकाशित 19 मई 2026, 15h10
- 3 मिनट
- द्वारा Akshita KUMARI, एफप भारत
मई 2026 में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद कुछ महीने पुराने एक वीडियो को शेयर कर ये दावा किया गया कि यह राज्य में चुनाव के बाद के जश्न को दिखाता है. हालांकि वायरल फ़ुटेज मार्च में उत्तर प्रदेश में फ़िल्माया गया था और ये भारत द्वारा तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का जश्न दिखाता है.
फ़ेसबुक पर 6 मई, 2026 को शेयर किये गए एकपोस्ट का कैप्शन है, "पश्चिम बंगाल को सिर्फ ये भरोसा चाहिए कि रिजल्ट के बाद टीएमसी के चेंगड़ा और मस्तान मार काट और बलात्कार नहीं करेंगे. केंद्रीय वाहिनी आई. डर छंटा-बंगाल पलटा. देश में आज से से पहले कभी किसी चुनाव के बाद ऐसा उत्सव नहीं दिखा, जो बंगाल में दिख रहा है."
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी पर गुंडों द्वारा राज्य में लूट और महिलाओं के खिलाफ़ अत्याचार और अराजकता फैलाने में मदद करने का आरोप लगाया है. हालांकि, टीएमसी ने इन आरोपों का खंडन किया है (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
पोस्ट में शेयर किये गए वीडियो में भारतीय तिरंगा और भगवा झंडे लहराते एक विशाल भीड़ को सड़क पर जश्न मनाते देखा जा सकता है.
टीएमसी शासित पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व जीत के बाद, फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पोस्ट पर इसी तरह के दावों के साथ यह वीडियो शेयर किया गया. यह राज्य में भाजपा की पहली चुनावी जीत है (आर्काइव्ड लिंक).
बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की मजबूत बढ़त के बाद, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जश्न के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किये गए. 4 मई को घोषित परिणाम में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत हासिल की (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
चुनाव के बाद टीएमसी और विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की एजेंसियों पर भाजपा के पक्ष में धांधली का आरोप लगाया (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट पर आएं कमेंट्स से पता चलता है कि कुछ यूज़र्स ने इस दावे को सच मान लिया.
एक यूज़र ने लिखा, "वीडियो देखने के बाद ऐसा लगता है जैसे चुनाव परिणाम आने के दिन ही बंगाल स्वतंत्र हो गया हो."
दूसरे ने कहा, "यह वीडियो बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिखाओ. जनता बहुत खुश है. इनकी पार्टी ने लूटपाट करके जीत हासिल की है. अब तो जेल जाना होगा."
लेकिन यह वीडियो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में फ़िल्माया गया था और इसका चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है.
टी20 विश्व कप जीत
गूगल पर वीडियो के कीफ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर 8 मार्च, 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया एक मिलता-जुलता वीडियो मिला (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो के ऊपर अंग्रेज़ी में लिखा है, "भारत के टी20 विश्व कप जीतने के बाद."
मार्च 8 को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ एकतरफ़ा फ़ाइनल में 96 रनों की जीत हासिल करते हुए भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता (आर्काइव्ड लिंक).
इंस्टाग्राम यूज़र ने अपने पोस्ट का लोकेशन उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के लोकनाथ चौक बाज़ार बताया है.
फ़र्ज़ी पोस्ट और इंस्टाग्राम क्लिप दोनों में "सुमन ऑर्नामेंट्स" नाम की एक होर्डिंग देखी जा सकती है.
गलत दावे से शेयर किये गए पोस्ट में मौजूद फ़ुटेज प्रयागराज के लोकनाथ चौक की गूगल स्ट्रीट व्यू इमेजरी से मेल खाती है (आर्काइव्ड लिंक).
टाइम्स नाव स्पोर्ट्स ने भी इसी तरह का एक वीडियो प्रकाशित किया (आर्काइव्ड लिंक).
एएफ़पी ने इससे पहले भी पश्चिम बंगाल चुनाव से संबंधित गलत सूचनाओं को फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.