सेल्फ़ी स्टिक लिए पानी में तैरते युवक का फ़ुटेज स्यूटा संकट के गलत दावे से शेयर किया गया
- प्रकाशित 11 अगस्त 2026, 17h00
- 2 मिनट
- द्वारा Vishesh SINGH, AFP भारत
जुलाई के अंत में हज़ारों मोरक्कन लोग पैदल या तैरकर स्पेन के उत्तरी अफ़्रीकी इलाके स्यूटा (Ceuta) में दाखिल हुए, लेकिन अलग-अलग मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया पोस्ट्स में शेयर किया गया एक वीडियो, जिसमें एक युवक तैरते हुए सेल्फ़ी स्टिक की मदद से अपना वीडियो बना रहा है, इस घटना से संबंधित नहीं है. यह फ़ुटेज मोरक्को के अटलांटिक तट पर बसे शहर 'अल जदीदा' (El Jadida) में शूट किया गया था और क्लिप में दिख रहे व्यक्ति ने इस बात से इनकार किया है कि वो समंदर के रास्ते स्यूटा में प्रवेश कर रहा था.
मीडिया आउटलेट NDTV द्वारा इंस्टाग्राम पर 1 अगस्त 2026 को शेयर किये गये वीडियो के ऊपर लिखा टेक्स्ट है, "मोरोक्को से तैरकर स्पेन पहुंचा युवक".
पोस्ट में सेल्फ़ी स्टिक पकड़े तैरते हुए एक युवक का वीडियो है.
मीडिया चैनल अल अरेबिया और डोमिनिकन गणराज्य के प्रसारक नोटिशियास टेलीमाइक्रो ने भी वही फ़ुटेज प्रकाशित करते हुए कहा कि इसमें एक मोरक्कन व्यक्ति को स्यूटा की ओर तैरते हुए दिखाया गया है.
लगभग 84,000 की आबादी वाला स्यूटा, स्पेन के पास जिब्राल्टर जलडमरूमध्य के ठीक दूसरी ओर स्थित है. इसे अक्सर यूरोप में अवैध आप्रवासन के लिए एक शुरुआती केंद्र माना जाता है (आर्काइव्ड लिंक).
जुलाई के अंत तक, ज़्यादातर मोरक्को के रहने वाले प्रवासी स्पेन के इलाके में आने लगे. 1 अगस्त तक इनकी संख्या बढ़कर हज़ारों में पहु़ंच गई, जिससे स्पेन और उसके EU सहयोगियों के बीच कूटनीतिक संकट पैदा हो गया (आर्काइव्ड लिंक).
स्यूटा में स्पेनिश सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने 70 से ज़्यादा लोगों की मौत की जानकारी दी (आर्काइव्ड लिंक).
स्पेन के अधिकारियों ने बताया कि 5 अगस्त तक, मोरक्को से स्यूटा में आए 72,000 प्रवासियों में से 70,000 वापस लौट चुके हैं.
क्लिप को समान दावों के साथ इंस्टाग्राम और फ़ेसबुक पर भी शेयर किया गया लेकिन यह फ़ुटेज हालिया प्रवासियों की भीड़ से संबंधित नहीं है.
वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर वही वीडियो 30 जुलाई, 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया मिला (आर्काइव्ड लिंक).
उस व्यक्ति ने एक ही जगह पर शूट किए गए कई अन्य स्विमिंग वीडियो पोस्ट किए हैं.
2 अगस्त को शेयर किए गए एक वीडियो में क्रिएटर ने बताया कि वह पूर्वी मोरक्को के तट पर स्थित बंदरगाह शहर अल जदीदा में है (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो में अरबी भाषा में युवक ने कहा, "मैं कभी स्यूटा गया भी नहीं हूं. मैं अल जदीदा में हूं. अल जदीदा -- असल में, मैंने अपनी पूरी ज़िंदगी में इसे कभी नहीं छोड़ा है."
अल जदीदा की गूगल मैप्स स्ट्रीट व्यू की तस्वीरें, इंस्टाग्राम वीडियो में दिख रहे कंक्रीट के ढांचे वाले हिस्से से मेल खाती हैं (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने स्पेन में शरणार्थी संकट से जुड़े अन्य गलत दावों को भी फ़ैक्ट-चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.