अपनी प्रतिबिंब देख चौंक गए फ़ुटबॉलर एर्लिंग हालैंड? वायरल वीडियो दरअसल एआई जेनरेटेड है

नॉर्वे के मशहूर स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड द्वारा अपनी टीम को 2026 वर्ल्ड कप के अगले दौर में पहुंचाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक एआई जेनरेटेड क्लिप लाखों बार शेयर की गई जिसमें उन्हें अपनी ही परछाईं देखकर "चौंकते" हुए दिखाया गया है. AFP ने पाया कि क्लिप में कई दृश्य विसंगतियां थीं जिसे असल में एक चीनी कंटेंट क्रिएटर द्वारा पोस्ट किए गए एक स्किट से एडिट करके बनाया गया है.

इंस्टाग्राम पर 30 जून, 2026 को शेयर किए गए एक वीडियो का कैप्शन है, "हालैंड सिर्फ अपने मैचों के लिए ही नहीं... बल्कि ऐसे अजीबोगरीब पलों के लिए भी सुर्खियां बटोर रहे हैं. खाना खाते समय, वह अचानक खुद से ही डर गए."

वीडियो के ऊपर लिखा टेक्स्ट है, "खाना खाते हुए खुद से ही डर गए Haaland!"

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर AFP द्वारा X साइन और AI लेबल जोड़ा गया है

वीडियो इसी तरह के भ्रामक दावों के साथ फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और X पर कई अन्य भाषाओं में तब शेयर किया गया जब नॉर्वे के इस प्रतिभाशाली स्ट्राइकर -- जिन्हें उनकी राष्ट्रीय टीम के कोच ने विश्व का सर्वश्रेष्ठ गोल स्कोरर बताया है -- ने देश को पहली बार विश्व कप क्वार्टरफ़ाइनल में पहुंचाया (आर्काइव्ड लिंक).

एर्लिंग ब्रॉट हालैंड नॉर्वे के एक प्रोफ़ेशनल फ़ुटबॉलर हैं, जो प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी और नॉर्वे की राष्ट्रीय टीम के लिए स्ट्राइकर के तौर पर खेलते हैं (आर्काइव्ड लिंक).

हालैंड अपने गोल करने के शानदार प्रदर्शन की वजह से सोशल मीडिया पर काफ़ी फ़ॉलोअर्स बटोर चुके हैं और मीम्स के ज़रिए उन्हें खूब पसंद किया जा रहा है (आर्काइव्ड लिंक).

हालांकि जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे एआई की मदद से बदला गया है.

चेहरा बदला हुआ वीडियो

गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो को ध्यान से देखने पर पता चला कि इसमें दृश्य विसंगतियां हैं, जो संकेत देती हैं कि इसे आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है.

हालैंड के दाहिने कान की आकृति उसके असली आकार से मेल नहीं खाती, और उनकी किट पर लगे स्लीव स्पॉन्सर का लोगो भी गलत है (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे की वीडियो (बाएं), AFP की जारी की गई फ़ोटो (ऊपर दाएं) और प्यूमा की वेबसाइट (नीचे दाएं) में हॉलैंड के कान और किट की स्लीव पर मौजूद स्पॉन्सर के स्क्रीनशॉट की तुलना

वेरिफ़िकेशन प्लगइन -- जिसे InVID-WeVerify के नाम से भी जाना जाता है -- से पता चलता है कि वीडियो में चेहरा "AI से बदला हुआ" है (आर्काइव्ड लिंक).

Image
InVID-WeVerify पर किए गए विश्लेषण का स्क्रीनशॉट, AFP द्वारा जोड़ा गया एआई डिस्क्लेमर

गूगल पर कीवर्ड सर्च करने से 15 जून को चीनी ऐप Douyin के यूज़र "Xiaosi" द्वारा पोस्ट किया गया मूल वीडियो मिला (आर्काइव्ड लिंक).

कैप्शन में चीनी भाषा में लिखा है: "आईने में दिख रहा व्यक्ति बहुत जाना-पहचाना लग रहा है."

Image
गलत पोस्ट में शेयर की गई क्लिप (बाएं) और Douyin पर पोस्ट किए गए वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

यह Douyin अकाउंट चीन के शेंडोंग प्रांत में रजिस्टर्ड है और इसे एक कंटेंट क्रिएटर चलाता है जो अक्सर मज़ेदार स्किट पोस्ट करता है (आर्काइव्ड लिंक). 

उसने AFP को बताया कि वीडियो उसी का है. जब उससे पूछा गया कि क्या उसे पता था कि उसका वीडियो एडिट किया गया है, उसने जवाब दिया, "मुझे इसके बारे में पता नहीं है," और साथ ही कहा कि वह सिर्फ़ Douyin, Kuaishou और WeChat Channels पर अकाउंट चलाता है.

AFP ने पहले भी 2026 वर्ल्ड कप से जुड़े ऐसे गलत दावों को फ़ैक्ट चेक किया है जो AI से बनी तस्वीरों पर आधारित थे.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें