पुर्तगाल के वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद रोनाल्डो को ड्रोन से दिया गया ट्रिब्यूट वीडियो AI-जेनरेटेड है
- प्रकाशित 21 जुलाई 2026, 06h03
- 4 मिनट
- द्वारा AFP ब्राज़ील
- अनुवाद और अनुकूलन Mike YAMBO, AFP Kenya, Devesh MISHRA
पुर्तगाल के 2026 विश्व कप से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सम्मान में उनके जन्मस्थान मेडेरा द्वीप पर ड्रोन शो के जरिए उन्हें शानदार और भावुक विदाई दी गई. यह भी कहा गया कि यह शायद विश्व कप में उनका आखिरी मैच था. लेकिन यह दावा गलत है. AFP फ़ैक्ट चेक ने पाया कि यह वीडियो AI जेनरेटेड है और ऐसा कोई भी ड्रोन शो आयोजित नहीं किया गया था.
वीडियो को 10 जुलाई को फ़ेसबुक पर शेयर किया गया जिसके कैप्शन का एक हिस्सा है, "मेडेरा के आसमान में ड्रोन शो के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो को शानदार सम्मान. पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को उनके गृहनगर मेडेरा में एक भव्य ड्रोन शो के जरिए सम्मानित किया गया."
यह पोस्ट FIFA विश्व कप में स्पेन से पुर्तगाल की 2-1 से हार के एक दिन बाद शेयर की गई थी. इस हार के साथ पुर्तगाल का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया और संभव है कि यह रोनाल्डो का आखिरी विश्व कप मैच रहा हो.
वीडियो में कई ड्रोन एक साथ पुर्तगाल का झंडा बनाते दिखाई देते हैं. इसके बाद "Obrigado, 7" (यानी "धन्यवाद, नंबर 7") शब्द दिखते हैं और फिर ड्रोन रोनाल्डो की मशहूर छलांग और घूमकर जश्न मनाने वाली शैली की आकृति बनाते नजर आते हैं.
यह वीडियो इंस्टाग्राम और X पर भी इसी तरह के दावों के साथ शेयर किया गया.
हालांकि, जांच में पता चला कि यह रोनाल्डो की कथित विदाई वाला वीडियो असली नहीं, बल्कि AI से बनाया गया था.
एआई जेनरेटेड वीडियो
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर AFP को वही वीडियो ब्राजील के चैनल CazéTV के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया मिला. यह चैनल अमेरिका में आयोजित विश्व कप की कवरेज कर रहा था (आर्काइव्ड लिंक).
CazéTV के कैप्शन में साफ़ लिखा था कि यह AI से बनाया गया वीडियो है. पुर्तगाली भाषा के कैप्शन का अनुवाद है: "AI द्वारा बनाया गया वीडियो दिखाता है कि अगर पुर्तगाल के मेडेरा द्वीप पर ड्रोन शो के जरिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो को विदाई दी जाती, तो वह कैसी दिखती."
CazéTV ने वीडियो बनाने का क्रेडिट @seihanaifilms नामक अकाउंट को दिया था (आर्काइव्ड लिंक).
इस अकाउंट को टिकटॉक पर खोजने पर AFP को मूल पोस्ट मिली, जहां क्रिएटर ने खुद बताया था कि वीडियो AI से बनाया गया है और इसे बनाने में इस्तेमाल किए गए प्रॉम्प्ट भी शेयर करने की भी पेशकश की थी (आर्काइव्ड लिंक).
टिकटॉक पोस्ट के अनुसार, यह वीडियो PixVerse नामक AI टूल की मदद से बनाया गया था, जो टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के आधार पर वीडियो और तस्वीरें तैयार कर सकता है (आर्काइव्ड लिंक).
इस वीडियो का विश्लेषण AI कंटेंट की पहचानने वाले टूल Hive Moderation से भी किया गया जिसके अनुसार, वीडियो के AI से तैयार होने की संभावना 99.9 प्रतिशत थी.
इसके अलावा, गूगल के SynthID टूल से की गई जांच में भी ऐसे संकेत मिले कि वीडियो के पूरे या कुछ हिस्से में AI तकनीक का इस्तेमाल हुआ था.
AFP ने @seihanaifilms अकाउंट के ओनर से संपर्क किया. अकाउंट की प्रोफाइल में साफ लिखा है, "AI Video Creator & Digital Filmmaker". उन्होंने भी पुष्टि की कि यह वीडियो AI की मदद से बनाया गया था.
इस प्रोफाइल पर ऐसे कई अन्य AI-जेनरेटेड वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें लियोनेल मेसी से जुड़े वीडियो भी शामिल हैं (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने "Madeira Island", "drones" और "Cristiano Ronaldo" जैसे कीवर्ड्स के साथ गूगल सर्च भी किया, लेकिन पुर्तगाल की हार के बाद मेडेरा में रोनाल्डो के सम्मान में किसी वास्तविक ड्रोन शो का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला.
AFP ने मूल रूप से इस दावे को पुर्तगाली भाषा में फ़ैक्ट-चेक किया था.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.