जेफ़री एपस्टीन के साथ ज़ोहरान ममदानी और उनकी मां की वायरल तस्वीरें एआई जनरेटेड हैं

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जनवरी 2026 में जेफ़री एपस्टीन की जांच से संबंधित नए दस्तावेज़ जारी किए जाने के बाद, सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें इस गलत दावे से शेयर की गईं कि वे यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन और न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी तथा उनकी मां, फ़िल्म निर्माता मीरा नायर के बीच संबंध का सबूत हैं. हालांकि, एएफ़पी के विश्लेषण से पता चलता है कि ये तस्वीरें एआई से बनाई गई थीं और मूल रूप से एक पैरोडी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की गई थीं.

सोशल मीडिया प्लेटफार्म फ़ेसबुक पर फ़रवरी में दो तस्वीरें शेयर की गई है.

पोस्ट के कैप्शन के एक हिस्से में लिखा है, "मीरा नायर अपने बच्चे ज़ोहरान ममदानी को गोद में लिए बिल क्लिंटन और जेफरी एपस्टीन के साथ."

पहली तस्वीर में मीरा नायर ममदानी को गोद में लिए हुए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और जेफ़री एपस्टीन के बगल में खड़ी हैं. दूसरी तस्वीर में युवा ममदानी को उनकी मां मीरा नायर के साथ खड़े देखा जा सकता है जबकि बगल में उनके साथ एपस्टीन और उनकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल, बिल क्लिंटन और अरबपति बिल गेट्स और जेफ बेजोस भी हैं.

Image
गलत दावे से शेयर की गई फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट, फ़रवरी 9, 2025 को लिया गया, जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

यूएस जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा एपस्टीन की जांच से संबंधित लाखों दस्तावेज़ जारी किए जाने के बाद, अंग्रेजी, पुर्तगाली, फ्रेंच, अरबी और स्पेनिश भाषाओं में समान दावों के साथ ये तस्वीरें ऑनलाइन शेयर की गईं. एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी के आरोप में चल रहे मुकदमे  के दौरान ही 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत हो गई थी (आर्काइव्ड लिंक).

पहले जारी किए गए दस्तावेज़ों से एपस्टीन के प्रमुख व्यापारिक अधिकारियों, सेलिब्रिटीज़, शिक्षाविदों और राजनेताओं, जिनमें क्लिंटन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प शामिल हैं, के साथ संबंधों पर प्रकाश डाला गया है.

एपस्टीन फ़ाइल्स में किसी व्यक्ति के नाम का मात्र उल्लेख होना, उस व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के गलत कार्य में शामिल होने का सबूत नहीं है.

हालांकि सार्वजनिक किए गए दस्तावेज़ कम से कम इतना तो साफ़ दिखाते हैं कि एपस्टीन या उसके करीबी लोगों और कुछ सार्वजनिक हस्तियों के बीच संबंध थे -- जिन्हें उनके द्वारा अक्सर कम कर के बताया गया है या पूरी तरह से नकार दिया गया है.

जनवरी 2026 में जारी किए गए एपस्टीन फ़ाइल्स के बैच में कई दस्तावेजों में नायर का नाम मिलता है.

पहला दस्तावेज 21 अक्टूबर, 2009 का एक ईमेल है जिसमें उल्लेख है कि वह क्लिंटन और बेजोस के साथ एक पार्टी में मौजूद थीं. दूसरा दस्तावेज 2010 में एपस्टीन को भेजा गया "स्वतंत्र सिनेमा" को समर्पित एक कार्यक्रम का निमंत्रण है, जिसकी निर्देशक होस्ट कमिटी के सदस्य के रूप में नायर का नाम भी शामिल है (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

Image
यूएस जस्टिस डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर स्थित एपस्टीन लाइब्रेरी डेटाबेस का स्क्रीनशॉट

हालांकि, ऑनलाइन शेयर हो रही कोई भी तस्वीर वास्तविक नहीं है.

गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने से पता चलता है कि सर्च इंजन के "अबाउट दिस इमेज" फ़ंक्शन में इन तस्वीरों को "गूगल एआई द्वारा निर्मित" बताया गया है.

एआई-जनरेटेड कंटेंट की पहचान करने के लिए डिज़ाइन किए गए टूल, SynthID detector के साथ आगे के विश्लेषण से यह पुष्टि हुई कि इन तस्वीरों को एआई टूल का उपयोग करके बनाया गया था (आर्काइव्ड लिंक).

Image
Image
SynthID विश्लेषण का स्क्रीनशॉट से पता चलता है कि तस्वीरों को एआई द्वारा बनाए जाने की "उच्च" संभावना है

गूगल पर कीवर्ड सर्च करने पर पता चला कि ये तस्वीरें सबसे पहले X पर DFF नाम के एक पैरोडी अकाउंट द्वारा शेयर की गई थीं, जो नियमित रूप से मशहूर हस्तियों की AI-जनरेटेड तस्वीरें पोस्ट करता है.

अकाउंट के डिसक्रिप्शन में लिखा है: "हम उन सभी को ढूंढते हैं और हाई क्वालिटी AI वीडियो और मीम्स के माध्यम से उन्हें बेनकाब करते हैं" (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

तस्वीरों में कई ऐसी गड़बड़ियां हैं जिनसे स्पष्ट होता है कि ये AI द्वारा बनाई गई हैं.

पहला, तस्वीरों में एडल्ट लोगों का रूप-रंग एक जैसा ही रहता है, जबकि बच्चा एक नवजात से एक युवा लड़के में बदल जाता है.

Image
गलत दावे से शेयर की गयी तस्वीरों के स्क्रीनशॉट, एएफ़पी द्वारा उजागर की गई दृश्य विसंगतियां

दूसरा, ममदानी सभी तस्वीरों में कथित तौर पर छोटे बच्चे के रूप में दिखाई देते हैं, जबकि नायर के क्लिंटन और बेजोस के साथ 2009 की पार्टी में शामिल होने के समय वह 18 वर्ष के थे (आर्काइव्ड लिंक).

नायर की पहली शादी फोटोग्राफर मिच एपस्टीन से हुई थी, लेकिन सार्वजनिक रिकॉर्ड की जांच से उनके और जेफ़री एपस्टीन के बीच पारिवारिक संबंधों का कोई सबूत नहीं मिलता है (आर्काइव्ड लिंक).

गूगल पर कीवर्ड सर्च करने पर शटरस्टॉक और गेटी इमेजेज पर ममदानी की 2004 में अपनी मां के साथ एक फिल्म प्रीमियर में शामिल होने की तस्वीरें मिलीं, जिनमें उन्होंने वैसे ही कपड़े पहने थे जैसे गलत दावे से शेयर की गई तस्वीरों में दिख रहे हैं (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

अन्य फ़ैक्ट-चेक वेबसाइट्स ने भी एआई द्वारा बनाई गई इन तस्वीरों का खंडन किया है (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

एएफ़पी ने इससे पहले भी एपस्टीन फाइलों से संबंधित अन्य गलत दावों को फ़ैक्ट चेक किया है. 

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें