इज़रायल पर ईरानी हमले से मची तबाही के दावे से शेयर किये गये ये वीडियो पुराने और असंबंधित हैं
- प्रकाशित 12 मार्च 2026, 12h51
- 3 मिनट
- द्वारा Chayanit ITTHIPONGMAETEE, Gemma CAHYA
- अनुवाद और अनुकूलन Devesh MISHRA
ईरान ने फ़रवरी 2026 में अपने सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बदले में US-इज़रायल के जॉइंट ऑपरेशन के खिलाफ़ इज़रायल पर कई मिसाइलें दागी हैं. इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर कई भ्रामक तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किये जा रहे हैं. इसी तरह दो वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि वे ईरान के मिसाइल हमले के बाद तेल अवीव में फैली अफ़रा-तफ़री और रिहायशी इलाकों में हुए विध्वंस को दिखाते हैं. जबकि दोनो वीडियो पुराने और असंबंधित हैं. एक वीडियो तेल अवीव पर ईरान के 2025 में किये हमले के बाद का है जबकि दूसरा वीडियो फ़िलाडेल्फ़िया में हुए एक प्लेन क्रैश की घटना का है.
फ़ेसबुक पर न्यूज़ आउटलेट एनडीटीवी ने 1 मार्च को वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "इज़रायल-तेल अवीव से आया है ये वीडियो, ईरानी मिसाइल की जद में आ गए कई रिहायशी इलाके."
पोस्ट को 30,000 से अधिक लोगों ने लाइक किया है जिसमें शेयर किये गये वीडियो को 974000 से अधिक लोगों ने देखा है. वीडियो में एक रिहायशी इलाके में कई घर जमींदोज दिख रहे हैं जबकि राहत और बचावकर्मी दमकल से आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं.
एक अन्य वीडियो जिसे लगभग समान दावे से 8 मार्च को फ़ेसबुक पर शेयर किया गया है, का कैप्शन है, "इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह फैल है, बंकर में तक सैफ नहीं है क्योंकि हमने कई बंकर तबाह देखे कई लाशे देखी ईरानी मिसाइलें जमीन के काफी गहराई तक अटैक करती है."
ईरान द्वारा 28 फ़रवरी, 2026 को US-इज़रायल के जॉइंट स्ट्राइक में सर्वोच्च नेता खामेनेई के मारे जाने के बाद प्रतिशोध स्वरूप हिंसक कार्रवाई शुरू की गई जिसके बाद से ही ये वीडियो फ़ेसबुक और X पोस्ट्स में शेयर किये गये (आर्काइव्ड लिंक).
उसी दिन तेल अवीव में एक ईरानी मिसाइल से एक महिला की मौत हो गई; यह इज़रायल में हमले शुरू होने के बाद पहली कन्फ़र्म मौत थी (आर्काइव्ड लिंक).
पुलिस ने कहा कि अगले दिन एक और स्ट्राइक सेंट्रल इज़राइली शहर बेत शेमेश पर हुआ, जिसमें कम से कम नौ लोग मारे गए और 11 लापता हैं (आर्काइव्ड लिंक).
हालांकि वायरल वीडियो असल में 2025 में फ़िल्माये गये हैं.
पुरानी फ़ुटेज
गलत दावे से शेयर किये गये पहले वीडियो के कीफ़्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर BBC और अल मायादीन की 14 जून, 2025 की रिपोर्ट में वही विज़ुअल मिले, जिनमें कहा गया था कि वे तेल अवीव पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद के हालात दिखाते हैं (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).
एएफ़पी द्वारा 13 जून, 2025 को ली गई एक फ़ोटो में भी समानताएं दिख रही हैं -- मसलन बिल्डिंग का बाहरी हिस्सा, बुरी तरह डैमेज सफ़ेद कार और दीवार से टिका हुआ मलबा.
इज़रायल ने जून 2025 में ईरान के न्यूक्लियर और मिलिट्री इंफ़्रास्ट्रक्चर पर कई हमले किए, जिसमें कथित तौर पर कई टॉप कमांडर और साइंटिस्ट मारे गए (आर्काइव्ड लिंक).
ईरान ने जवाबी कार्रवाई में तेल अवीव इलाके में रिहायशी इमारतों पर बड़े पैमाने पर मिसाइलें दागी थीं, जिससे सैकड़ों लोग घायल हो गए और इमरजेंसी क्रू को मलबे से आम लोगों को बचाने के लिए दौड़ना पड़ा (आर्काइव्ड लिंक).
फ़िलाडेल्फ़िया क्रैश
दूसरे वीडियो के कीफ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर इसका लंबा वर्ज़न फ़रवरी 1, 2025 को अमेरिका के एक व्लॉगर द्वारा यूट्यूब पर अपलोड किया हुआ मिला (आर्काइव्ड लिंक).
वीडियो के उपर बड़े अक्षरों में लिखा था: "फ़िलाडेल्फ़िया में विमान दुर्घटना".
एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 31, 2025 को एक मेडिकल जेट अमेरिका के नॉर्थईस्ट फ़िलाडेल्फ़िया में टेकऑफ़ के कुछ समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें विमान में सवार सभी छह लोगों और ज़मीन पर मौजूद कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी (आर्काइव्ड लिंक).
एएफ़पी ने पहले भी इस वीडियो को फ़ैक्ट-चेक किया है जब यह भारत-पाकिस्तान संघर्ष के समय गलत दावे से शेयर किया गया था.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.