मुंबई में फ़्लाईओवर ढहने का वीडियो असल में एआई जेनरेटेड है
- प्रकाशित 12 मार्च 2026, 09h14
- 2 मिनट
- द्वारा Akshita KUMARI, एफप भारत
फ़रवरी माह में मुंबई के एक अंडर-कंस्ट्रक्शन मेट्रो रेल स्थल पर कंक्रीट का स्लैब गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई. हालांकि घटना को दर्शाने वाला सनसनीखेज फ़ुटेज एआई की मदद से बनाया गया है. विश्लेषण में वीडियो में दृश्य विसंगतियां पाई गईं, जिसे इसके क्रिएटर के अनुसार OpenAI के सोरा टूल का उपयोग करके बनाया गया था.
फ़ेसबुक पर 17 फ़रवरी, 2026 को शेयर किये गए वीडियो का कैप्शन है, "देश में एक बड़े हादसे में चलती ट्रैफिक के बीच फ्लाईओवर का हिस्सा अचानक गिर गया. देखते ही देखते भारी कंक्रीट के टुकड़े नीचे गुजर रहे वाहनों पर आ गिरे. कई कारें और ऑटो मलबे में दब गए."
पोस्ट में 10 सेकंड की क्लिप जिसके 90,000 से अधिक व्यूज़ हैं -- पुल का एक हिस्सा गिरने से पहले पानी रिसता हुआ देखा जा सकता है.
वीडियो के ऊपर लिखा है, "मौत बनकर टूटा फ्लाईओवर! कंक्रीट के नीचे दबी जिंदगियां."
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के परिवहन अधिकारी, अश्विन अशोक मुद्गल के अनुसार, निर्माणाधीन मेट्रो रेल स्थल पर पैरापेट दीवार का एक हिस्सा 14 फ़रवरी को चलती गाड़ियों पर गिर गया (आर्काइव्ड लिंक).
इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कारणों की जांच के लिए एक तकनीकी जांच समिति गठित की गई है.
यह वीडियो इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पर भी शेयर हुआ, लेकिन वीडियो असल घटना नहीं दिखाता है.
गूगल पर वीडियो के की-फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि यही क्लिप एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की गई थी जो नियमित रूप से एआई-जेनरेटेड कंटेंट पोस्ट करता है (आर्काइव्ड लिंक).
एएफ़पी ने अकाउंट के ओनर रणवीर सिंह से संपर्क किया, जिन्होंने 17 फ़रवरी को बताया कि यह क्लिप सोरा 2 एआई टूल का उपयोग करके कुछ ही मिनटों में तैयार की गई थी.
क्लिप की बारीकी से जांच करने पर कुछ दृश्य विसंगतियां भी पाई गईं, जिनमें एक वाहन पर अस्पष्ट टेक्स्ट शामिल है. साथ ही एक व्यक्ति को काफ़ी शांत स्वर में "पुल गिर रहा है" कहते हुए सुना जा सकता है, जबकि अगल-बगल से किसी व्यक्ति की आवाज़ नहीं आती.
क्लिप के अंत में, फ़्लाईओवर को अभी भी अपनी जगह जस का तस देखा जा सकता है.
एएफ़पी ने एआई-जेनरेटेड गलत दावों को पहले भी फ़ैक्ट-चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.