यूएस फ़्लाइट इवैक्यूएशन का पुराना वीडियो इज़रायल पर ईरानी हमले के दावे से वायरल

फ़रवरी 2026 के अंत में अमेरिका-इज़रायली संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान ने इज़रायल और कई खाड़ी देशों पर मिसाइलों की बौछार की. इसी बीच सोशल मिडिया पर दावा किया जा रहा है कि यात्रियों को प्लेन से निकालते दिखाता एक वीडियो ईरानी हमले के बाद इज़रायली एयरपोर्ट में फ़िल्माया गया है. हालांकि असल वीडियो जुलाई 2025 में फ़िल्माया गया था और अमेरिका के कोलोराडो राज्य में टेकऑफ़ के दौरान अमेरिकन एयरलाइंस के एक जेट में आग लगने की घटना को दिखाता है.

फ़ेसबुक पर 2 मार्च, 2026 को एक वीडियो शेयर की गई जिसमें दिखाया गया है कि धुएं से भरे प्लेन से यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के ज़रिए बाहर निकाला जा रहा है, जबकि बैकग्राउंड में अलार्म बज रहा है. वीडियो बनाने वाला व्यक्ति एक सहयात्री से पूछता है: "क्या आप ठीक हैं?"

पोस्ट के कैप्शन का एक हिस्सा कहता है, "इज़रायल के एक प्रमुख हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब Iran की ओर से किए गए मिसाइल हमले की खबर फैली. सायरन बजते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे."

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

यह वीडियो अरबी, स्पैनिश, इंडोनेशियाई, मलय और अंग्रेज़ी भाषा में भी ऑनलाइन शेयर किया गया, जब अमेरिका और इज़रायल ने 28 फ़रवरी को ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किये, जिसके जवाब में क्षेत्र भर में ज़ोरदार जवाबी हमले हुए (आर्काइव्ड लिंक).

अमेरिकी सैन्य ठिकानों के अलावा, तेहरान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुवैत के मुख्य हवाई अड्डे पर भी हमला किया, जिससे कोविड-19 महामारी के बाद से वैश्विक हवाई परिवहन में सबसे बड़ी बाधा उत्पन्न हुई (आर्काइव्ड लिंक).

इज़रायल में, 1 मार्च को ईरानी मिसाइल हमले में केंद्रीय शहर बेइत शेमेश में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए. इससे एक दिन पहले तेल अवीव के पास एक व्यक्ति की मौत हुई थी (आर्काइव्ड लिंक).

हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि उसने अपने गढ़ों पर हुए हमलों के जवाब में तीन इज़रायली सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया. इज़रायल की सेना ने ईरान समर्थित  मिलिटेंट ग्रुप के खिलाफ़ अपने अभियान को जारी रखने की चेतावनी देने के बाद ये हमले किए थे (आर्काइव्ड लिंक).

हालांकि, सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किया जा रहा वीडियो मिडिल ईस्ट में चल रहे हालिया युद्ध से पहले का है.

अमेरिकन एयरलाइंस प्लेन में आग

गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो क्लिप के की-फ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर द वॉल स्ट्रीट जर्नल द्वारा 27 जुलाई, 2025 को प्रकाशित एक लंबा यूट्यूब वीडियो मिला (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो का शीर्षक है: "विमान में आग लगने के बाद यात्री रनवे पर फिसलते हुए उतरे." वीडियो की शुरुआत में भी एग्जिट स्लाइड के ज़रिए लोगों के रनवे पर उतरने का वही दृश्य दिखाई देता है.

द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने वीडियो का क्रेडिट इंस्टाग्राम यूज़र @highlymigratoryfishing को दिया है. इंस्टाग्राम पर कीवर्ड सर्च से यह अकाउंट मिला, जिसने उसी दिन 'हाई रिज़ॉल्यूशन' वाला वीडियो शेयर किया था (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट (बाएं) और इंस्टाग्राम वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

अमेरिकी फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की वेबसाइट पर एक बयान के अनुसार, अमेरिकन एयरलाइंस फ़्लाइट 3023 ने 26 जुलाई 2025 को डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरते समय लैंडिंग गियर में संभावित गड़बड़ी की घटना को रिपोर्ट किया था (आर्काइव्ड लिंक).

मूल वीडियो शूट करने वाले व्यक्ति Mark Tsurkis के साथ कई न्यूज़ रिपोर्ट्स में इंटरव्यू दिए गए थे, जिनमें बताया गया कि सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया था (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

एएफ़पी ने Tsurkis से टिप्पणी के लिए संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

मिडिल ईस्ट युद्ध से संबंधित गलत सूचनाओं पर एएफ़पी की रिपोर्टिंग यहां पढ़ी जा सकती है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें