आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के जनाज़े के दावे से शेयर किया जा रहा है असंबंधित वीडियो

फ़रवरी 2026 में संयुक्त अमेरिकी-इज़रायली हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई, जिसके बाद ईरान ने खाड़ी में अमेरिकी सहयोगियों को निशाना बनाकर जवाबी हमले किए. लेकिन सोशल मीडिया पर शेयर किया गया एक वीडियो, जो कथित तौर पर ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार को दिखाता है, इससे संबंधित नहीं है. असल में वीडियो पुराना है जो जनवरी में इराक के एक प्रमुख धर्मगुरु के भाई के जनाज़े में शामिल लोगों को दिखाता है.

फ़ेसबुक पर 1 मार्च, 2026 को एक पोस्ट में वीडियो शेयर की गई जिसका कैप्शन है, "ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का अंतिम संस्कार,सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल!"

वीडियो में लोगों की भीड़ को ताबूत के सामने प्रार्थना करते और रोते हुए देखा जा सकता है. वीडियो पर लिखे टेक्स्ट में कैप्शन दोहराया गया है.

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

ईरानियन स्टेट मीडिया ने 1 मार्च को ख़ामेनेई की मौत की पुष्टि की, और कुछ ही घंटों के भीतर काले कपड़े पहने शोकाकुल लोग तेहरान के केंद्रीय एंगेलाब स्क्वायर पर सड़कों पर उतर आए (आर्काइव्ड लिंक).

राजधानी में कुछ अन्य ईरानियों ने इमारतों से खुशी में नारे लगाए, जबकि कुछ ने सड़कों पर गाड़ियों के हॉर्न बजाए और संगीत बजाया.

ख़ामेनेई और शीर्ष सैन्य नेताओं की हत्या करने वाले हमलों के बाद ईरान ने इज़रायल और खाड़ी देशों पर जवाबी हमले किए.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यह युद्ध एक महीने से अधिक समय तक चल सकता है, क्योंकि संघर्ष पूरे मिडिल ईस्ट में फैल गया है (आर्काइव्ड लिंक).

यह वीडियो इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पर इसी तरह के गलत दावों के साथ शेयर किया गया था.

गूगल पर वीडियो के की-फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि इसे पहले 20 जनवरी, 2026 को फ़ेसबुक पर पोस्ट किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे से शेयर किया गया वीडियो (बाएं) और फ़ेसबुक वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

ईरान के सरकारी मीडिया नेटवर्क प्रेस टीवी ने भी समान दृश्य प्रकाशित किए, जिसमें कहा गया है कि फ़ुटेज में इराक के सर्वोच्च शिया मुस्लिम नेता ग्रैंड आयतुल्लाह अली सिस्तानी के भाई सैयद हादी अल-हुसैनी के अंतिम संस्कार की रस्में दिखाई गई हैं (आर्काइव्ड लिंक).

इराक की न्यूज़ एजेंसी द शफ़क़ना के अनुसार, उन्हें मध्य इराक के पवित्र शहर नजफ में दफ़नाया गया (आर्काइव्ड लिंक).

इराक में हुए अंतिम संस्कार की संबंधित तस्वीरें एएफ़पी के फ़ोटोग्राफ़र द्वारा भी ली गई हैं.

Image
20 जनवरी, 2026 को इराक के मध्य पवित्र शहर नजफ में इमाम अली श्राइन में आयोजित अंतिम संस्कार के दौरान शोक संतप्त लोग इराक के सर्वोच्च शिया मुस्लिम नेता ग्रैंड आयतुल्लाह अली सिस्तानी के भाई सैय्यद हादी अल-हुसैनी के ताबूत को ले जा रहे हैं (AFP / Qassem al-KAABI)

मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष से संबंधित गलत सूचनाओं पर एएफ़पी की रिपोर्टिंग यहां देखी जा सकती है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें