ईरान द्वारा अमेरिकी तेल टैंकर को निशाना बनाने के दावे से वायरल तस्वीर दशकों पुरानी है
- प्रकाशित 23 मार्च 2026, 10h40
- 3 मिनट
- द्वारा Sachin BAGHEL, एफप भारत
स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के आसपास व्यापारिक जहाज़ों पर हमलों ने इस नाकाबंदी वाले समुद्री मार्ग को पश्चिम एशिया युद्ध के केंद्र में ला खड़ा किया है. लेकिन सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही एक तस्वीर, जिसमें आग और घने धुएं में घिरा एक डूबता जहाज़ दिख रहा है, किसी अमेरिकी तेल टैंकर को ईरानी ड्रोन द्वारा डुबोए जाने की नहीं है. यह फोटो "हेवन" नाम के तेल टैंकर की है, जो अप्रैल 1991 में इटली के तट के पास आग लगने से डूब गया था.
X पर 9 मार्च 2026 को शेयर की गई इस तस्वीर के साथ दावा किया गया है, "ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी तेल टैंकर को शाहेद-136 ड्रोन से निशाना बनाया."
तस्वीर में एक आंशिक रूप से डूबा हुआ जहाज़ दिख रहा है, जो एक ओर झुका हुआ और काला पड़ा है, जबकि पानी की सतह से आग की लपटें और घना धुआं उठता नज़र आ रहा है.
यह तस्वीर इसी तरह के फ़ेसबुक पोस्ट में भी शेयर की गई जब 28 फ़रवरी को पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में या उसके आसपास जहाज़ों पर हमले हुए. इस कारण इस अहम मार्ग, जो तेल और अन्य सामान की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, पर यातायात लगभग पूरी तरह रुक गया (आर्काइव्ड लिंक).
अमेरिका-इज़रायल के हमलों के जवाब में वैश्विक अर्थव्यवस्था को अधिकतम नुकसान पहुंचाने की ईरान की कोशिशों के चलते यह संकरा जलमार्ग लगभग बंद हो गया है, जहां से आम तौर पर दुनिया का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल और एलएनजी गुज़रता है (आर्काइव्ड लिंक).
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों से, जो इस रास्ते से आने वाले तेल पर निर्भर हैं, आगे बढ़कर इस मार्ग को खुला रखने की ज़िम्मेदारी लेने का आग्रह किया है.
हालांकि, वायरल हो रही यह तस्वीर स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में किसी तेल टैंकर पर हुए हमले को नहीं दिखाती है.
वायरल तस्वीर के नीचे Alamy के साथ अक्षरों और अंकों के रूप में एक कोड लिखा हुआ है. इसकी मदद से Alamy स्टॉक फ़ोटो वेबसाइट पर सर्च करने से वही तस्वीर मिल गई (आर्काइव्ड लिंक).
फ़ोटो के विवरण में कहा गया है कि इसमें "हेवन" तेल टैंकर दिखाया गया है, जो आग लगने के बाद इटली के तट के पास डूब गया था.
इसके बाद कीवर्ड सर्च करने पर इस घटना की ऐसी ही तस्वीरें AFP और Getty Images द्वारा शेयर की गई मिलीं (आर्काइव्ड लिंक).
Getty Images की फ़ोटो, जो 13 अप्रैल 1991 की है, का श्रेय फ़ोटोग्राफ़र अल्बर्ट पिज़ोली को दिया गया है.
पिज़ोली, जो अब AFP के साथ काम कर रहे हैं, ने बताया कि यह फ़ोटो 13 अप्रैल 1991 को ली गई थी.
उन्होंने कहा, "हेवन तेल टैंकर हादसा एक गंभीर समुद्री दुर्घटना थी, जो 11 अप्रैल 1991 को इटली के अरेन्ज़ानो के तट के पास हुई थी. उस समय मैं SYGMA नाम की एक फ़ोटो एजेंसी के लिए काम करता था."
लॉस एंजेलिस टाइम्स ने 14 अप्रैल 1991 को रिपोर्ट किया था कि "साइप्रस में पंजीकृत 'हेवन' टैंकर में लगभग 4.1 करोड़ गैलन ईरानी कच्चा तेल भरा था, जब 11 अप्रैल को इसमें आग लग गई. अधिकारियों के अनुसार, यह आग एक ऐसे टैंक में विस्फोट के कारण लगी, जिसे अभी-अभी खाली किया गया था" (आर्काइव्ड लिंक).
AFP ने इसी तरह के अन्य दावों को जिनमें असंबंधित वीडियो को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में अमेरिकी टैंकर पर हमले का बताया गया था, साथ ही पश्चिम एशिया युद्ध से जुड़ी अन्य भ्रामक जानकारियों को भी फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.