हालिया युद्ध के बीच तेल अवीव एयरपोर्ट पर हंगामे के दावे से शेयर किया गया वीडियो पुराना है

फ़रवरी 2026 में अमेरिका-इज़रायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत के बाद मध्य पूर्व में शुरू हुई जंग के दौरान इज़रायल ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है. इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया गया कि यह तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर इज़रायल छोड़ने की मांग कर रहे यात्रियों को हंगामा करते दिखाता है. लेकिन यह क्लिप असल में यरुशलम के एक सिनेमाघर की है जिसमें कुछ लोग काउंटर के पार एक-दूसरे पर चीजें फेंकते हुए दिखते हैं. यह घटना तब हुई जब कर्मचारियों ने बंद होने के बाद फ़ूड काउंटर दोबारा खोलने से इनकार कर दिया था.

फ़ेसबुक पर 12 मार्च 2026 को शेयर किये गए पोस्ट का एक हिस्सा कहता है, "इज़रायल में तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हालात. लोग कह रहे हैं कि हमें टिकट चाहिए, हमें उड़ान चाहिए, हम हर हाल में इज़राइल छोड़ना चाहते हैं। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि ईरानी मिसाइलें हमें न मार दें".

वीडियो में एक हॉल के भीतर दो लोंगों के ग्रुप एक दूसरे पर सामान फेंकते नज़र आ रहे हैं. 

Image
गलत दावे से शेयर की गई फ़ेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट, 24 मार्च 2026 को लिया गया, जिस पर एएफ़पी द्वारा लाल X जोड़ा गया है

ईरान पर 28 फ़रवरी को अमेरिका और इज़रायल के हमलों से शुरू हुई यह जंग, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई के मारे जाने के बाद तेज़ी से पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गई. जिसके बाद तेहरान ने इज़रायल और US मिलिट्री एसेट्स वाले पड़ोसी देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की झड़ी लगा दी (आर्काइव्ड लिंक).

उसी दिन इज़रायल ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया इसके साथ ही कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन्स ने इस पूरे इलाके, जिसमें इज़रायल भी शामिल है, के लिए अपनी उड़ानें रोकने का ऐलान कर दिया (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

कुछ समय बाद कड़ी सुरक्षा के बीच इज़रायल की कुछ एयरलाइन्स ने सीमित उड़ान फिर से शुरू कीं. 16 मार्च को इज़रायल के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा हालात के हिसाब से बेन गुरियन एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है.

लेकिन 18 मार्च को फिर से उड़ानों पर असर पड़ा. इज़रायली सेना ने कहा कि ईरान के मिसाइल हमले के बाद बेन गुरियन एयरपोर्ट पर मलबा गिरा था, हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि यह घटना कब हुई. इसके बाद El Al एयरलाइन ने महीने के अंत में एक हफ़्ते के लिए कई जगहों की उड़ानें रद्द करने की घोषणा की.

हालांकि वीडियो को इसी दावे से फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया गया है लेकिन इसका संबंध पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से नहीं है. 

वीडियो के कीफ़्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर 20 जुलाई 2025 का एक समान वीडियो X पर पोस्ट किया गया मिला, जिसमें इसी घटना को दूसरे एंगल से फ़िल्माया गया है. पोस्ट में बताया गया था कि यह यरुशलम के एक सिनेमा हॉल में हुई अफरा-तफरी का दृश्य है (आर्काइव्ड लिंक).

न्यूज़ आउटलेट Al Araby TV ने भी उसी दिन अपनी रिपोर्ट में इस वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि यह यरुशलम के सिनेमा सिटी का है, जहां इस घटना में तीन कर्मचारी घायल हुए थे (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बाएं) और Al Araby TV के वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

गूगल मैप्स पर 2023 में अपलोड की गई सिनेमा की एक तस्वीर में वही चीजें साफ़ दिखती हैं जो वायरल वीडियो में नज़र आती हैं; जैसे पीछे की सीढ़ियां, पीली छत और काउंटर (आर्काइव्ड लिंक).

Image
गलत दावे की पोस्ट के वीडियो (बायें, बीच में) और गूगल मैप्स की तस्वीर के स्क्रीनशॉट की तुलना

इज़रायली मीडिया Israel National News और The Times of Israel ने भी इस घटना को कवर किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, सिनेमा सिटी में रेस्टोरेंट का काउंटर बंद होने के बाद कुछ युवकों ने खाने-पीने का सामान मांगा और स्टाफ़ के मना करने पर युवकों ने गुस्से में कर्मचारियों पर हमला कर दिया था (आर्काइव्ड लिंक यहां, यहां).

AFP ने पश्चिम एशिया में युद्ध से जुड़ी ऐसी कई भ्रामक खबरों का फ़ैक्ट-चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें