यूक्रेन पर रूस के हमले का पुराना फ़ुटेज बहरीन में ईरानी ड्रोन हमले के दावे से वायरल

फ़रवरी 2026 के अंत में ईरान पर अमेरिकी-इज़रायली हमलों के बाद से मध्य पूर्व में युद्ध तेज़ी से बढ़ रहा है, और तब से कम से कम 13 अमेरिकी सैनिक शहीद हो चुके हैं. हालांकि सोशल मीडिया पर बहरीन में अमेरिकी अधिकारियों के आवासीय होटल पर ड्रोन हमले के दावे से शेयर किया जा रहा एक वीडियो दरअसल इस युद्ध से सम्बंधित नहीं है. असल फ़ुटेज जनवरी में यूक्रेन की राजधानी कीव में एक आवासीय इमारत पर हुए रूसी हमले का है.

सोशल मीडिया साइट X पर 9 मार्च, 2026 को एक पोस्ट में  शेयर किये गए वीडियो का कैप्शन है, "Iran का ड्रोन सीधा बहरीन के होटल पर गिरा. होटल में अमेरिकी डिप्लोमैट मौजूद थे."

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

एक ड्रोन द्वारा हाई-राइज बिल्डिंग में विस्फोट दिखाता वीडियो अरबी और स्पेनिश सहित कई भाषाओं में फ़ेसबुक और X पर शेयर किया गया.

गलत दावे से ये वीडियो तब शेयर की गई जब ईरान द्वारा मध्य पूर्व में इज़रायल और अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमले किए गए -- जिससे खाड़ी क्षेत्र के आमतौर पर शांत इलाकों में अशांति फैल गई है (आर्काइव्ड लिंक).

अमेरिकी सेना ने 13 मार्च को कहा कि पश्चिमी इराक़ में रिफ़्यूलिंग एयरक्राफ़्ट के क्रैश होने से छः क्रू सदस्यों की मौत हो गई, जिससे ईरान के खिलाफ़ अभियानों में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या कम से कम 13 हो गई है (आर्काइव्ड लिंक).

एएफ़पी के पत्रकारों ने बहरीन की राजधानी मनामा में विस्फोटों की रिपोर्ट की है, जहां 1 मार्च को क्राउन प्लाज़ा होटल पर हमले के बाद अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों से होटलों से दूर रहने का आग्रह किया था (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

वाशिंगटन पोस्ट ने रिपोर्ट किया कि स्टेट डिपार्टमेंट केबल ने कहा गया है कि एक होटल पर हमले में दो अमेरिकी रक्षा कर्मी घायल हो गए थे (आर्काइव्ड लिंक).

लेकिन ऑनलाइन वायरल हो रही ऊंची इमारत में विस्फोट का वीडियो हालिया मिडिल ईस्ट संघर्ष से असंबंधित है.

गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि यह फ़ुटेज यूक्रेन के यूट्यूब चैनल "@KASHTANnews" द्वारा 9 जनवरी को अपलोड किए गए एक वीडियो का है (आर्काइव्ड लिंक).

वीडियो के डिस्क्रिप्शन में लिखा है: "9 जनवरी, 2026, कीव. हम रूसी ड्रोन द्वारा एक आवासीय इमारत पर हमले का फ़ुटेज प्रकाशित कर रहे हैं."

चैनल का वॉटरमार्क पूरे वीडियो में फ्लैश होता रहता है.

यही फ़ुटेज यूक्रेनी न्यूज़ कवरेज में भी दिखाई देता है, जिसमें इस घटना को यूक्रेन के पोज़नियाकी इलाके का बताया है (आर्काइव्ड लिंक).

एएफ़पी ने गूगल स्ट्रीट व्यू का उपयोग करके वीडियो में दिख रहे स्थान को जियोलोकेट किया (आर्काइव्ड लिंक).

Image
यूट्यूब का स्क्रीनशॉट एएफ़पी द्वारा हाइलाइटेड समानताओं के साथ
Image
गूगल स्ट्रीट व्यू का स्क्रीनशॉट एएफ़पी द्वारा हाइलाइटेड समानताओं के साथ

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमीर ज़ेलेंस्की ने उस समय कहा था कि यूक्रेन पर रूस द्वारा किए गए एक "बड़े" रात्रिकालीन हमले में कीव और उसके उपनगरों में 20 आवासीय इमारतों के साथ-साथ कतर के दूतावास को भी नुकसान पहुंचा था. एएफ़पी के पत्रकारों द्वारा हमले की तस्वीरें और वीडियो लिए गए थे (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां).

Image
रूसी हमले के बाद 9 जनवरी 2026 की सुबह कीव में एक क्षतिग्रस्त आवासीय इमारत के पास खड़ा एक व्यक्ति, यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के दौरान (AFP / Tetiana DZHAFAROVA)

एएफ़पी ने मिडिल ईस्ट युद्ध से संबंधित अन्य गलत सूचनाओं का भी फ़ैक्ट-चेक किया है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें