फ़्री सिलिंडर की घोषणा करते पीएम मोदी का यह वीडियो एआई से एडिट किया गया है

पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा हो गया है और भारत समेत कई देशों में लोग सरकार के पर्याप्त आपूर्ति के आश्वासन के बावजूद, घबराये हुए हैं. इसी बीच एक वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को मुफ़्त एलपीजी सिलेंडर देने की घोषणा कर रहे हैं. हालांकि, यह दावा गलत है. यह वीडियो एक पुराने भाषण का एआई से एडिट किया हुआ वर्ज़न है. 26 मार्च 2026 तक उन्होंने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. 

एक यूज़र ने इंस्टाग्राम पर 12 मार्च 2026 को वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "12 मार्च से LPG सिलेंडर मुफ्त, अभी बुक करें."  

यह वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है जब पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण भारत में ईंधन की कमी को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं.  

पोस्ट में एक साथ दो क्लिप चलती हैं -- एक में मोदी सभी को मुफ़्त LPG सिलेंडर देने की घोषणा करते हुए दिखते हैं, जबकि दूसरी क्लिप में लोग गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लंबी कतार में खड़े दिखाई देते हैं. 

इसके बाद एक महिला की आवाज़ सुनाई देती है "वीडियो को पांच लोगों के साथ शेयर करें और मुफ़्त LPG सिलेंडर पाने के लिए इंस्टाग्राम पेज पर दिए गए लिंक में अपनी जानकारी भरें." 

लेकिन यह लिंक वास्तव में एक एजुकेशन ब्लॉग के पेज पर ले जाता है.

Image
गलत दावे से शेयर की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट, जिस पर एएफ़पी द्वारा X साइन जोड़ा गया है

यह क्लिप फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर इसी तरह के दावों के साथ शेयर की गई, जब पश्चिम एशिया के युद्ध के चलते होर्मुज़ जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई. 

भारत, जो दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एलपीजी खरीदार है और अपनी 90 प्रतिशत से अधिक आपूर्ति के लिए पश्चिम एशिया पर निर्भर है, में कई रेस्टोरेंट्स को बंद करना पड़ा या उनके खुलने के समय को कम करना पड़ा (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां). 

23 मार्च को संसद सत्र के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री ने मौजूदा स्थिति को "चिंताजनक" बताया और इस ईंधन संकट की तुलना कोविड महामारी से की. इसके बाद एलपीजी एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के दृश्य सोशल मीडिया पर शेयर होने लगे (आर्काइव्ड लिंक  यहां और यहां). 

भारत के पेट्रोलियम मंत्री के यह भरोसा देने के बावजूद कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है, फ़्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारें लग गईं (आर्काइव्ड लिंक). 

हालांकि, वॉइस-क्लोनिंग डिटेक्शन टूल Hiya ने पाया कि इस वीडियो के ऑडियो को एआई टूल्स से बदले जाने की 81 प्रतिशत संभावना है (आर्काइव्ड लिंक). 

Image
हिया AI वॉयस एनालिसिस के नतीजों का स्क्रीनशॉट

असंबंधित वीडियो 

गूगल पर कीफ़्रेम्स की मदद से रिवर्स इमेज सर्च करने पर इसका मूल वीडियो 24 फ़रवरी 2019 को भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला (आर्काइव्ड लिंक यहां और यहां). 

"पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लॉन्च पर गोरखपुर, यूपी में पीएम मोदी का भाषण" के शीर्षक से मौजूद यह वीडियो दिखाता है कि मोदी उत्तर प्रदेश में किसानों से सम्बंधित एक योजना के लॉन्च के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे हैं. 

इस पूरे 56 मिनट लंबे वीडियो में कहीं भी "फ़्री एलपीजी सिलेंडर" का कोई ज़िक्र नहीं है. 

Image
गलत दावे से शेयर की गई वीडियो (बाएं) और यूट्यूब पर मौजूद वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना

वायरल वीडियो मोदी के पूरे भाषण के कई हिस्सों को जोड़कर बनाया गया है. 

क्लिप को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि मोदी के होंठों की हरकत बदले हुए (मैनिपुलेटेड) ऑडियो से मेल नहीं खाती है.

एएफ़पी ने ऐसे एआई से जुड़े भ्रामक दावों को पहले भी फ़ैक्ट चेक किया है. 

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें