अर्जेंटीना के इंडस्ट्रियल पार्क में हुए विस्फोट का पुराना वीडियो ईरान-इज़रायल संघर्ष से जोड़कर शेयर किया गया
- प्रकाशित 31 मार्च 2026, 15h47
- 3 मिनट
- द्वारा Bozhidar ANGUELOFF, एफप बुल्गारिया
- अनुवाद और अनुकूलन Akshita KUMARI, AFP India
फ़रवरी 2026 के अंत में ईरान पर अमेरिकी-इज़रायली हमलों के बाद तेहरान ने जवाबी हमलों में इज़रायली शहरों को निशाना बनाया है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया कि वीडियो इज़रायल पर ईरानी मिसाइल अटैक दिखाता है. लेकिन असल में यह अर्जेंटीना में हुए एक विस्फोट का दृश्य है. यह फ़ुटेज इससे पहले नवंबर 2025 में एक औद्योगिक पार्क में आग और विस्फोट की खबरों और पोस्ट में प्रकाशित हुआ था.
फ़ेसबुक पर 20 मार्च, 2026 को एक पोस्ट शेयर की गई, जिसके कैप्शन का एक हिस्सा है, "ब्रेकिंग. ईरान ने CCTV इंटेलिजेंस के ज़रिए इज़रायल पर हमला किया. मोसाद मुख्यालय, सैन्य शिविरों, तेल टैंकरों और अहम बैठकों के लिए बने बंकरों को निशाना बनाया गया."
पोस्ट में शेयर किए गए वीडियो में दूर लगी आग दिखाई देती है और आसपास लोग अफरा-तफरी में भागते नज़र आते हैं.
वीडियो क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स और X पर भी समान दावों के साथ शेयर की गई है.
दावा ऐसे समय वायरल हो रहा है जब ईरान ने 28 फ़रवरी को हुए अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त हमले, जिसमें इस्लामिक रिपब्लिक के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गयी, के जवाब में क्षेत्रभर में मिसाइल और ड्रोन दागें (आर्काइव्ड लिंक).
तेहरान के खाड़ी क्षेत्र में किए गए जवाबी हमलों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से आवागमन को लगभग ठप कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं.
इज़रायल के कई शहर जैसे तेल अवीव, येहुद, गिवतैम, बात याम और बेत शेमेश, ईरानी मिसाइल हमलों की चपेट में आ चुके हैं (आर्काइव्ड लिंक्स यहां, यहां, यहां, यहां और यहां).
हालांकि, सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा वीडियो नवंबर 2025 में अर्जेंटीना में फ़िल्माया गया था.
गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो के कीफ़्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि यही फ़ुटेज 15 नवंबर, 2025 को एक फ़ेसबुक पोस्ट में भी शेयर किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).
पोस्ट के कैप्शन में पुर्तगाली भाषा में लिखा है कि इसमें ईज़ीज़ा में हुए एक भीषण विस्फोट को दिखाया गया है -- यह अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित एक नगर पालिका है.
एएफ़पी की एक रिपोर्ट के अनुसार, 14 नवंबर, 2025 को ईज़ीज़ा के एक इंडस्ट्रियल पार्क में भयंकर विस्फोटों के कारण आग लगी (आर्काइव्ड लिंक). इस घटना में 20 से अधिक लोग मामूली रूप से घायल हुए.
एएफ़पी वीडियो में दमकलकर्मी आग बुझाते हुए दिखाई दे रहे हैं (आर्काइव्ड लिंक).
आगे, कीवर्ड सर्च करने से पता चला कि आग के बारे में A24 न्यूज़ रिपोर्ट में भी इसी फ़ुटेज का इस्तेमाल किया गया था (आर्काइव्ड लिंक).
रिपोर्ट में कहा गया है कि वीडियो में सिंटेप्लास्ट के कर्मचारी विस्फोट के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं -- जो गूगल मैप्स पर उपलब्ध सिंटेप्लास्ट कंपनी की सैटेलाइट इमेजरी से मेल खाता है (आर्काइव्ड लिंक).
एएफ़पी ने मध्य पूर्व युद्ध से जुड़े अन्य भ्रामक दावों को भी फ़ैक्ट चेक किया है.
कॉपीराइट © एएफ़पी 2017-2026. इस कंटेंट के किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सब्सक्रिप्शन की ज़रूरत पड़ेगी. अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.