महिला विश्व कप मैच के दौरान क्रिकेट ग्राउंड पर झगड़े का यह वीडियो एआई जेनरेटेड है

पिछले साल सीमा पर भारत और पाकिस्तान के बीच हुई हिंसक झड़प से पैदा हुए राजनीतिक तनाव का दोनों देशों के बीच क्रिकेट के मुकाबलों पर असर पड़ा है, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर शेयर किया गया एक वीडियो, जिसमें महिला टीमों के बीच मैदान पर झगड़ा दिखाने का दावा किया गया है, वह पूरी तरह से फ़र्जी है. महिला टी20 मैचों को कवर कर रहे एएफ़पी के एक रिपोर्टर ने कहा कि यह फ़ुटेज "पूरी तरह से गलत" है, AFP को इस क्लिप में ऐसी कई गड़बड़ियां मिलीं जिनसे स्पष्ट होता है कि यह एआई-जेनरेटेड कंटेंट है.

वीडियो को फ़ेसबुक पर 15 जून 2026 को शेयर किया गया है जिसका कैप्शन है, "IND vs PAK में आग लग गई! Harmanpreet Kaur और Fatima Sana Sheikh के बीच मैच के बीच में जमकर heated words हो गए. दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव साफ दिख रहा था. मैच का माहौल पहले से गरम था, अब तो और भी भड़क गया."

लगभग 10 सेकंड के इस वीडियो में हरी और नीली जर्सी पहने दो खिलाड़ियों के बीच मैदान पर टकराव दिखाया गया है, जबकि टीम के अन्य खिलाड़ी और अधिकारी उनकी ओर दौड़ते नजर आते हैं.

Image
गलत दावे से शेयर की गई X पोस्ट का स्क्रीनशॉट जिसमें एएफ़पी द्वारा लाल X और एआई वॉटरमार्क जोड़ा गया है

वीडियो को फ़ेसबुक, X और इंस्टाग्राम पर इसी तरह के दावों के साथ शेयर किया गया, जब भारत ने 14 जून को महिला टी20 वर्ल्ड कप अभियान में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर दबदबा कायम किया (आर्काइव्ड लिंक).

मई 2025 में सैन्य झड़पों, जिसमें 70 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है (आर्काइव्ड लिंक).

इसके बाद से इन दोनों क्रिकेट-प्रेमी प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाले मैचों में 'नो-हैंडशेक' नीति लागू है (आर्काइव्ड लिंक).

पोस्ट पर यूज़र्स के कमेंट्स से पता चलता है कि वे इस वीडियो को असली मान रहे हैं. 

एक यूज़र ने लिखा: "जिस तरह भारतीय शेरनियों ने इन पाकिस्तानियों को न केवल शब्दों से बल्कि बल्ले और गेंद से भी हराया, वह हमेशा इतिहास में दर्ज रहेगा."

लेकिन क्लिप को ध्यान से चेक करने पर पता चला कि इसे एआई टूल्स का उपयोग करके तैयार किया गया है.

इसके अलावा, भारत-पाकिस्तान मैच को कवर कर रहे एएफ़पी के रिपोर्टर फैसल कमाल ने इस वीडियो को "फ़र्जी" बताया.

कमाल, जो 14 जून को लंदन में हुए भारत-पाकिस्तान महिला टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच की रिपोर्टिंग कर रहे थे, ने कहा कि "ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं."

उन्होंने 15 जून को कहा, "मैंने पूरा मैच शुरू से अंत तक देखा है और मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मैदान पर लड़ाई के ये दावे पूरी तरह से गलत हैं."

क्लिप में कई विजुअल गड़बड़ियां भी दिखाई देती हैं, जैसे एक पाकिस्तानी जर्सी में सिर, धड़ और पैर अलग-अलग दिशाओं में नज़र आते हैं, जबकि जर्सी पर देश के नाम की स्पेलिंग भी गलत लिखी गई है.

Image
AFP द्वारा हाइलाइट की गई विज़ुअल गड़बडियों वाले, गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो के स्क्रीनशॉट

दीप्ति शर्मा, जो आमतौर पर नंबर छह की जर्सी पहनती हैं, इस क्लिप में उन्हें कभी नंबर 42 तो कभी नंबर सात की जर्सी पहने दिखाया गया है (आर्काइव्ड लिंक).

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, महिला राष्ट्रीय टीम में कोई भी खिलाड़ी नंबर 42 जर्सी नहीं पहनती, जबकि टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर नंबर सात की जर्सी पहनती हैं.

Image
AFP द्वारा हाइलाइट की गई विज़ुअल गड़बड़ियों वाले, गलत दावे से शेयर किए गए वीडियो के स्क्रीनशॉट

इसके अलावा, एआई-जेनरेटेड वीडियो में दिखाई गई भारतीय टीम की जर्सी इस मैच में पहनी गई जर्सी से मेल नहीं खाती, असली जर्सी लंबी बांहों वाली होती है, जैसा कि AFP की इस तस्वीर में देखा जा सकता है.

Image
गलत दावे की X पोस्ट (बायें) और AFP द्वारा ली गई तस्वीर के स्क्रीनशॉट की तुलना

AFP पहले भी भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता से जुड़ी अन्य भ्रामक सूचनाओं और एआई-जेनरेटेड कंटेंट का फ़ैक्ट-चेक कर चुका है.

Image

क्या कोई कंटेंट/न्यूज़/वीडियो या तस्वीर है जो आप चाहते हैं की AFP फ़ैक्ट चेक करे?

हमसे संपर्क करें